कुशीनगर : डीएम के आदेश पर अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
सार्वजनिक सड़क की भूमि पर कब्जे की शिकायत के बाद प्रशासन ने की कार्रवाई
कुशीनगर। जटहां बाजार थाना क्षेत्र के कंठीछपरा गांव में सार्वजनिक सड़क की भूमि पर कथित अतिक्रमण के मामले में बुधवार को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई कार्रवाई में सड़क की भूमि पर बनाए गए अवरोध को हटाया गया। प्रशासन की कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और सार्वजनिक रास्ते के सुचारु होने की उम्मीद जगी।

जानकारी के अनुसार कंठीछपरा निवासी हेमंत कुशवाहा पुत्र सिंगासन कुशवाहा ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर गांव की सार्वजनिक सड़क की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अवधेश और अनिरुद्ध पुत्रगण सीताराम द्वारा सार्वजनिक रास्ते की भूमि पर झोपड़ी डालने के साथ पक्का निर्माण कराया जा रहा है। इससे ग्रामीणों के आवागमन में परेशानी उत्पन्न हो रही थी।

शिकायत के बाद राजस्व विभाग के लेखपाल एवं राजस्व निरीक्षक ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश की थी। शिकायतकर्ता के अनुसार पैमाइश के दौरान झोपड़ी सड़क की भूमि में पाई गई थी। राजस्व कर्मियों द्वारा झोपड़ी हटाने के लिए कहा गया, लेकिन कथित रूप से उसे नहीं हटाया गया। इसके बाद मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई।
बुधवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व एवं प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से सार्वजनिक सड़क की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। प्रशासन द्वारा रास्ता खाली कराए जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक रास्ता गांव के लोगों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है। अतिक्रमण के कारण लंबे समय से रास्ते को लेकर परेशानी बनी हुई थी। प्रशासन की कार्रवाई से रास्ते के सुचारु होने की उम्मीद बढ़ी है। प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने के साथ ही संबंधित भूमि पर दोबारा कब्जा न करने की हिदायत भी दिए जाने की बात सामने आई है। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग के कर्मचारी एवं जटहां बाजार पुलिस मौजूद रही।


Comments