सावन के तीसरे सोमवार को बाल्हेश्वर मंदिर में कांवड़ियों पर हुई पुष्पवर्षा

सावन के तीसरे सोमवार को ऐहार स्थित प्रसिद्ध बाबा बाल्हेश्वर धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंज उठा।

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

लालगंज (रायबरेली)। सावन के तीसरे सोमवार को ऐहार स्थित प्रसिद्ध बाबा बाल्हेश्वर धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंज उठा। जिले के विभिन्न क्षेत्रों के साथ ही दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने कतार में लगकर बाबा बाल्हेश्वर के दर्शन किए और शिवलिंग पर जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
 
पुजारी झिलमिल जी महाराज और सह पुजारी संजीव महाराज ने पूजा-अर्चना व आरती कराई। इसके बाद तड़के करीब चार बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। मंगला आरती के बाद दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। महिला, पुरुष और बुजुर्ग श्रद्धालुओं के साथ बड़ी संख्या में कांवड़िये भी बाबा के दरबार में पहुंचे। कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया।
 
श्रद्धालुओं ने बाबा बाल्हेश्वर के शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और अक्षत अर्पित कर मन्नतें मांगीं। मंदिर परिसर के बाहर लगा पारंपरिक मेला भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। प्रसाद, पूजा सामग्री, श्रृंगार, खिलौने और खान-पान की दुकानों पर भारी भीड़ देखने को मिली। बच्चों ने झूलों का आनंद लिया, जबकि महिलाओं ने श्रृंगार और घरेलू सामान की खरीदारी की।
 
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए डलमऊ तहसील प्रशासन और लालगंज पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। मंदिर परिसर और प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं की कतारों को व्यवस्थित किया गया। महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी निगरानी करते रहे।
वहीं, मंदिर समिति के स्वयंसेवकों ने भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने में सहयोग किया। पूरे दिन बाल्हेश्वर धाम हर-हर महादेव के जयघोष से भक्तिमय बना रहा।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार