वन विभाग की आपत्ति से अटका सड़क का डामरीकरण, 19 को धरना देंगे किसान

.......टिकरा चौराहे से नेवाजखेड़ा तक एक किलोमीटर सड़क के पक्कीकरण की मांग, कुबहरा में जुटेंगे किसान और ग्रामीण

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

मोहनलालगंज, लखनऊ। नगराम-खुजौली मार्ग से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों के डामरीकरण में वन विभाग की आपत्ति को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन की ओर से 19 अगस्त को कुबहरा स्थित सामुदायिक मिलन केंद्र पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। सोमवार को नेवाजखेड़ा में पूर्व प्रधान रामनरेश लोधी के आवास पर हुई बैठक में आंदोलन की रणनीति तय की गई।
 
संगठन के पदाधिकारियों के मुताबिक नगराम-खुजौली मार्ग के टिकरा चौराहे से नेवाजखेड़ा तक करीब एक किलोमीटर सड़क पर अभी खड़ंजा लगा है। वन विभाग की आपत्ति के चलते इसका डामरीकरण नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क के पक्कीकरण की मांग की जा रही है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने से किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
 
इसी तरह कमलापुर-विचिलखा माइनर से कुबहरा तक कच्चे मार्ग के डामरीकरण में भी वन विभाग की आपत्ति को बाधा बताया जा रहा है। बरसात में कच्चे रास्ते की हालत खराब होने से ग्रामीणों को आवागमन में और अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
 
बैठक के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने नेवाजखेड़ा समेत आसपास के गांवों में जनसंपर्क किया। बरसात के बीच गांव-गांव पहुंचकर किसानों और मजदूरों से 19 अगस्त के धरने में शामिल होने की अपील की गई। ग्राम प्रधान और ग्रामीणों से भी आंदोलन में सहयोग मांगा गया, जिस पर उन्होंने समर्थन का भरोसा दिया।
 
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि सड़क का डामरीकरण ग्रामीणों की मूलभूत जरूरत है। शांतिपूर्ण धरने के माध्यम से अधिकारियों के समक्ष सड़क निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर कराने की मांग उठाई जाएगी।
 
बैठक और जनसंपर्क अभियान में प्रदेश अध्यक्ष प्रताप बहादुर, प्रदेश महासचिव दिनेश यादव, मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह, प्रधान पति रामकुमार, गांव अध्यक्ष केशव लोधी, राम कुमार यादव, रमेश कुमार, अरविंद कुमार समेत अन्य पदाधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे। संगठन ने 19 अगस्त को कुबहरा सामुदायिक मिलन केंद्र पर होने वाले धरने में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें