शिकायतों के अंबार के बावजूद झोलाछाप डॉक्टर पर नहीं हुई कार्रवाई, स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
मीरजापुर।
मीरजापुर। ड्रमंडगंज क्षेत्र स्थित विपिन हॉस्पिटल को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद कथित झोलाछाप डॉक्टर और अस्पताल संचालक के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि संबंधित व्यक्ति की स्वास्थ्य विभाग में अच्छी पकड़ और जान-पहचान होने के कारण शिकायतें फाइलों में ही दबकर रह जाती हैं, जिससे ग्रामीणों का विभाग पर से विश्वास उठता जा रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विपिन हॉस्पिटल निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरता है, फिर भी अस्पताल का बड़ा-बड़ा प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। अस्पताल के बाहर लगाए गए विशाल बैनर और बोर्ड लोगों को आकर्षित कर इलाज के नाम पर मरीजों को भर्ती करने का कार्य कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अस्पताल के पास आवश्यक मान्यता, संसाधन और योग्य चिकित्सक नहीं हैं तो ऐसे संस्थान के संचालन की अनुमति कैसे दी जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने कई बार स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से शिकायत दी, लेकिन आज तक कोई ठोस जांच या कार्रवाई सामने नहीं आई। इससे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और मुख्य चिकित्सा अधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए अस्पताल की वैधता, चिकित्सकीय मानकों और संचालकों की योग्यता की जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर कार्रवाई नहीं की गई तो मरीजों की जान जोखिम में पड़ सकती है।


Comments