फीचर्ड
राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 ने की कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा
लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करें, लापरवाही पर होगी जवाबदेही-अपर जिलाधिकारी वि0/रा0
राजेश तिवारी ( ब्यूरो रिपोर्ट)
सोनभद्र / उत्तर प्रदेश -
अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 वागीश कुमार शुक्ला ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यक्रमों की मासिक समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वसूली कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा लक्ष्य प्राप्ति में पिछड़ने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने तहसील स्तर पर बकायेदारों के विरुद्ध प्रभावी वसूली कार्रवाई, आरसी का नियमित मिलान, सरकारी भूमि की सुरक्षा तथा जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व मुकदमों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा भूमि संबंधी विवादों का समाधान मौके पर जाकर सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को त्वरित न्याय मिल सके।
बैठक के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को निर्देशित करते हुए अपर जिलाधिकारी ने कहा कि बाजार में बिकने वाली खाद्य सामग्री की नियमित जांच कराई जाए तथा मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सघन अभियान चलाया जाए। उन्होंने निर्धारित मानकों एवं शासनादेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान अपर जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की भी समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक ढंग से किया जाए। बैठक में उप जिलाधिकारी घोरावल विशाल कुमार, उप जिलाधिकारी न्यायिक रावर्टसगंज आकाक्षां गौतम, प्रशासनिक अधिकारी रामलाल यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Comments