सोनभद्र गुप्त काशी की पावन धरा पर सेवा का संकल्प, ओबरा में 23वें खिचड़ी भंडारे का सफल आयोजन
श्री राम सेवा समिति का सेवा संकल्प ओबरा में 23वें खिचड़ी भंडारे से तृप्त हुए सैकड़ों लोग
अजित सिंह ( ब्यूरो) के साथ कु. रीता की रिपोर्ट
ओबरा /सोनभद्र-
अपनी प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक महत्ता के कारण गुप्त काशी के रूप में विख्यात सोनभद्र जनपद में इन दिनों सेवा की एक अनूठी अलख जगी हुई है। जनपद के ओबरा नगर में श्री राम सेवा समिति के तत्वावधान में मानवता की सेवा का संकल्प निरंतर जारी है। इसी कड़ी में बीते शनिवार को समिति द्वारा 23वें साप्ताहिक खिचड़ी भंडारे का भव्य आयोजन किया गया।प्रत्येक शनिवार की भांति इस बार भी ओबरा नगर में शाम 5:00 बजे से प्रसाद वितरण का कार्यक्रम शुरू हुआ।

Read More विज्ञान फाउंडेशन (गिविंग विंग टू ड्रीमर्स) द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम का आयोजन ।इस आयोजन की खास बात यह रही कि यहाँ पहुँचने वाले लोगों में विभिन्न भाव देखने को मिले। जहाँ बड़ी संख्या में राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने इसे प्रसाद मानकर श्रद्धा के साथ ग्रहण किया, वहीं कई जरूरतमंदों के लिए यह तृप्त करने वाला भोजन साबित हुआ। अनेक लोगों ने न केवल मौके पर पेट भर भोजन किया, बल्कि अपने परिवार के लिए साथ में लेकर भी गए। समिति का यह प्रयास समाज के हर वर्ग तक पहुँच रहा है, जिससे न केवल लोगों की क्षुधा शांत हो रही है, बल्कि नर सेवा ही नारायण सेवा का जीवंत संदेश भी प्रसारित हो रहा है।
इस आयोजन में विशेष रूप से ओबरा नगर पंचायत के सभासद विकास सिंह ने शिरकत की। उन्होंने न केवल कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, बल्कि स्वयं अपने हाथों से श्रद्धालुओं और राहगीरों को खिचड़ी वितरित कर सेवा कार्य में हाथ बँटाया। उनके इस प्रयास की समिति और स्थानीय लोगों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इनके सहयोग से मिली अभियान को गति इस 23वें चरण के भंडारे को सफल बनाने में मुख्य रूप से नीरज चौबे, बाबू राम सिंह, राजन वर्मा, आदित्य वर्मा, पंकज गौतम, संगीता सिंह और सरिता सिंह का विशेष सहयोग रहा। इनके आर्थिक योगदान और व्यक्तिगत श्रमदान ने इस पुनीत आयोजन को भव्यता प्रदान की। आयोजन को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए श्री राम सेवा समिति के कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ डटे रहे।
व्यवस्था संभालने और वितरण कार्य में सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। अजीत सिंह, ओम प्रकाश सिंह और संकट मोचन झा,सर्वेश दुबे, सरिता सिंह और रीता कुमारी,करण जोखले, आदित्य वर्मा और मनोज कुमार, अमित गुप्ता, अविनाश श्रीवास्तव समिति के सदस्यों ने सामूहिक रूप से अपना संकल्प दोहराते हुए कहा कि यह अभियान भविष्य में भी इसी प्रकार अनवरत जारी रहेगा। उनका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए और समाज में आपसी भाईचारे व समरसता की भावना सुदृढ़ हो सके।

Comments