फीचर्ड
पटना के पारस अस्पताल शूटआउट मामले में बड़ा खुलासा
पश्चिम बंगाल से शूटर गिरफ्तार, शेरू सिंह गैंग का कनेक्शन आया सामने
पटना ,बिहार ब्यूरो
बक्सर के कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा की पटना के पारस अस्पताल में हुई हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। सूत्रों के अनुसार, पटना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर शेरू सिंह गिरोह से जुड़े शूटरों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सूत्र बताते हैं कि गिरफ्तार किए गए शूटर शेरू सिंह के निर्देश पर चंदन मिश्रा की हत्या में शामिल थे। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि हत्या शेरू और चंदन के बीच चली आ रही पुरानी दुश्मनी का नतीजा है। दोनों पहले साथ मिलकर अपराध करते थे, लेकिन बाद में एक हत्या के मामले में मनमुटाव हुआ और दोनों आमने-सामने आ गए व जानी दुश्मन बन गए।
गैंगवार की कहानी जेल से तैयार होने के संकेत
पुलिस के अनुसार, शेरू सिंह फिलहाल पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जेल में बंद है, जहां से उसने इस मर्डर प्लान को अंजाम देने की साजिश रची। हत्या के लिए 5 शूटरों की टीम बनाई गई थी। इनमें से एक बाहर ही रुका रहा, जबकि चार ने अस्पताल के अंदर घुसकर चंदन मिश्रा पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं।
एडीजी ने दी अहम जानकारी
एडीजी मुख्यालय कुंदन कृष्णन ने शुक्रवार को बताया कि चंदन मिश्रा की हत्या में शेरू सिंह का हाथ है। दोनों पहले बक्सर में आतंक का पर्याय माने जाते थे। वर्ष 2011 के राजेंद्र केसरी हत्याकांड में दोनों को सजा हो चुकी है। शेरू सिंह पेशेवर अपराधी रहा है और एक बार जेल से भी फरार हो चुका है।
जल्द होंगे और खुलासे
पुलिस का दावा है कि इस मामले में जल्द अन्य गिरफ्तारियां भी होंगी। हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार किसने मुहैया कराए, गाड़ी किसकी थी, इन सभी बिंदुओं पर जांच जारी है। पुलिस उन सभी की संपत्ति भी जब्त करने की तैयारी कर रही है, जिन्होंने इस हत्या में किसी भी प्रकार से सहयोग किया।


Comments