जनगणना-2027 के प्रति जागरूकता का संदेश लेकर निकली रैली
डीएम और सीडीओ ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, सही जानकारी देने की अपील
राजेश तिवारी ( ब्यूरो रिपोर्ट)
सोनभद्र/ उत्तर प्रदेश-
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर से जनजागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर बरौली चौराहे तक गई। इसके माध्यम से जनपदवासियों को जनगणना के महत्व और प्रक्रिया की जानकारी देते हुए इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि जनगणना से प्राप्त विश्वसनीय आंकड़े भविष्य की नीतियों के निर्धारण, विकास योजनाओं के निर्माण और संसाधनों के बेहतर नियोजन का आधार बनते हैं। इसलिए जनगणना की प्रक्रिया में शुद्धता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी सुनिश्चित करना सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे जनगणना के दौरान प्रगणकों को सही जानकारी उपलब्ध कराएं और इस राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में सहयोग करें।
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत उत्तर प्रदेश में जनसंख्या गणना की प्रक्रिया एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक निर्धारित है। इससे पहले 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस दौरान जनपदवासी निर्धारित पोर्टल पर स्वयं से संबंधित 40 प्रश्नों के उत्तर भरकर अपनी गणना स्वयं कर सकेंगे। इसके बाद पांच से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार जनगणना में भाग लेने और सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि जनपद में जनगणना का कार्य प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण सहित जनगणना कार्य से संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Comments