सोनभद्र में एएसपी ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने संभाली परेड की कमान, पुलिस लाइन का किया सघन निरीक्षण
ड्रिल-दौड़ से परखी पुलिसकर्मियों की दक्षता, यूपी-112 के वाहनों से लेकर मेस और बैरक तक की व्यवस्थाओं को जांचा
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
सोनभद्र/उत्तर प्रदेश-
अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी लेकर निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों की शारीरिक दक्षता, अनुशासन एवं कार्यकुशलता परखने के लिए टोलीवार ड्रिल और दौड़ कराई गई। साथ ही शस्त्रों के संचालन एवं रख-रखाव के संबंध में प्रशिक्षण और अभ्यास कराया गया। एएसपी ऑपरेशन ने पुलिसकर्मियों को फिट, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ रहते हुए जनसेवा एवं कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
यूपी-112 के वाहनों और उपकरणों की जांच
परेड के बाद एएसपी ऑपरेशन ने यूपी-112 सहित जनपद के विभिन्न थानों से आए वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान वाहनों की तकनीकी स्थिति, साफ-सफाई एवं रख-रखाव का जायजा लिया गया। साथ ही दंगा नियंत्रण उपकरण, वायरलेस सेट, प्राथमिक उपचार किट, अग्निशमन यंत्र और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता परखी गई। संबंधित वाहन चालकों और पुलिसकर्मियों को सभी वाहनों एवं उपकरणों को सदैव दुरुस्त रखने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए।
मेस, बैरक और परिसर की व्यवस्थाएं परखीं
निरीक्षण के क्रम में परिवहन शाखा, क्वार्टर गार्द, स्टोर, मेस, गैस गोदाम, बैरक एवं पुलिस लाइन परिसर का भी निरीक्षण किया गया। एएसपी ऑपरेशन ने साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों के रख-रखाव और उपलब्ध संसाधनों की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस लाइन स्थित मेस में भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की जांच करते हुए पुलिसकर्मियों को बेहतर भोजन उपलब्ध कराने और साफ-सफाई की व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन की समस्त व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने तथा पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।


Comments