डीएम ने मतदाता पंजीकरण कैंपों का किया निरीक्षण
18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं और महिलाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर जोर
राजेश तिवारी ( ब्यूरो रिपोर्ट)
सोनभद्र/उत्तर प्रदेश-
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद में विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया गया। इसके तहत विभिन्न मतदेय स्थलों पर आयोजित कैंपों में पात्र नागरिकों और युवाओं ने फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने विधानसभा क्षेत्र 400-घोरावल के बूथ संख्या 451, 452, 453, 458 एवं 459 तथा रॉबर्ट्सगंज के प्राथमिक विद्यालय लोढ़ी और उरमौरा में आयोजित विशेष कैंपों का निरीक्षण किया। उन्होंने पंजीकरण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देशित किया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं सहित मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित सभी पात्र नागरिकों का नियमानुसार पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने महिलाओं और अन्य पात्र नागरिकों को जागरूक कर फॉर्म-6 भरवाने में सहयोग देने पर भी जोर दिया।
Read More अपर पुलिस अधीक्षक ने ओबरा और चोपन थाने का किया औचक निरीक्षण, मिशन शक्ति केंद्र की व्यवस्थाएं परखींउन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है। अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से वंचित न रहे।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित जनपद स्तरीय अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) ने भी विभिन्न मतदान केंद्रों पर पंजीकरण कार्य का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों, युवाओं एवं महिलाओं से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना तथा अपने परिवार के पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें और नाम दर्ज न होने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें।


Comments