लेबर कोड को बताया आधुनिक गुलामी का दस्तावेज
ईएसआई अस्पताल की मांग पर हस्ताक्षर अभियान, न्यूनतम मजदूरी के लिए हाईकोर्ट जाने का निर्णय
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
ओबरा/सोनभद्र
ठेका मजदूर यूनियन की बैठक में लेबर कोड को आधुनिक गुलामी का दस्तावेज बताते हुए सरकार की श्रम नीतियों पर सवाल उठाए गए। मजदूरों ने ओबरा में ईएसआई अस्पताल खोलने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाने और न्यूनतम मजदूरी के पुनरीक्षण के लिए हाईकोर्ट जाने का निर्णय लिया।
बैठक में ओबरा सी में मजदूरों से 12 घंटे काम कराने, न्यूनतम मजदूरी का भुगतान नहीं करने, महीनों से वेतन बकाया रखने और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराने के आरोप लगाए गए। वक्ताओं ने कहा कि ईएसआई में शामिल होने के बावजूद मजदूरों को पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
बैठक की अध्यक्षता यूनियन के जिलाध्यक्ष तीरथ राज यादव ने की। मुख्य वक्ता ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के प्रदेश महासचिव दिनकर कपूर और रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान के संयोजक रामकृष्ण बैगा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संचालन मोहन प्रसाद ने किया।


Comments