बैरिस्टर राम आधार पाण्डेय चौक का हुआ अनावरण, पुण्यतिथि पर प्रयाग के पुरोधा को किया गया नमन
स्वतंत्र प्रभात।
ब्यूरो प्रयागराज
प्रयागराज।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर समाजवादी चिंतक एवं इलाहाबाद हाईकोर्ट के अग्रणी अधिवक्ता स्व. बैरिस्टर राम आधार पाण्डेय की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। इस अवसर पर मोतीलाल नेहरू रोड स्थित चौराहे का नामकरण ‘बैरिस्टर राम आधार पाण्डेय चौक’ किए जाने के उपरांत उसका अनावरण समारोहपूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में प्रयागराज के महापौर गणेश केशरवानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शहर उत्तरी के विधायक श्री हर्षवर्धन वाजपेयी तथा इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सी.पी. उपाध्याय की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्त अमरेंद्र नाथ सिंह एवं श्री अशोक सिंह सहित हजारों की संख्या में अधिवक्तागण तथा इलाहाबाद हाईकोर्ट और इलाहाबाद विश्वविद्यालय से जुड़ी अनेक प्रतिष्ठित विभूतियां उपस्थित रहीं।
स्व.बैरिस्टर राम आधार पाण्डेय का जीवन स्वतंत्रता संग्राम, समाजवादी विचारधारा, विधिक परंपरा और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रेरक उदाहरण रहा। इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष, विधान परिषद सदस्य तथा उत्तर प्रदेश सरकार में स्थानीय निकाय विभाग के पूर्व मंत्री के रूप में उन्होंने सार्वजनिक जीवन में उल्लेखनीय योगदान दिया। आचार्य नरेंद्र देव, डॉ. राममनोहर लोहिया, पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर एवं पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा जैसे प्रमुख राजनीतिक व्यक्तित्वों के साथ उनके आत्मीय संबंध और वैचारिक सहभागिता प्रयाग की राजनीतिक विरासत का महत्त्वपूर्ण हिस्सा रहे।
उनके नाम पर चौक का अनावरण उनके संघर्षपूर्ण जीवन, सिद्धांतनिष्ठ विचारधारा और सामाजिक योगदान के प्रति सार्वजनिक सम्मान का प्रतीक है। यह पहल आने वाली पीढ़ियों को उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व से परिचित कराने के साथ प्रयागराज की समृद्ध राजनीतिक और विधिक परंपरा को भी स्मरण कराती रहेगी।
इस अवसर पर स्व. बैरिस्टर राम आधार पाण्डेय जी के पुत्रद्वय वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश पाण्डेय ‘बबुआ’ एवं अमिताभ पाण्डेय ने समारोह में उपस्थित महापौर गणेश केशरवानी, विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सी.पी. उपाध्याय, पूर्व अध्यक्षों, अधिवक्तागण, इलाहाबाद हाईकोर्ट एवं इलाहाबाद विश्वविद्यालय से जुड़ी विभूतियों तथा समस्त गणमान्य अतिथियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने पिता की स्मृति को सम्मान प्रदान करने और पुण्यतिथि पर आयोजित समारोह में सम्मिलित होकर श्रद्धांजलि अर्पित करने वाले सभी लोगों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की।
समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता टी.पी. सिंह, शहर उत्तरी के पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह, श्याम कृष्ण पाण्डेय, सतीश अग्रवाल, विनोद चंद्र दुबे, पार्षद शिव सेवक सिंह, आनंद घिल्डियाल, पूर्व महासचिव अखिलेश शर्मा, पूर्व उपमहापौर अनामिका चौधरी एवं पार्षद प्रीति गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बैरिस्टर सिंह ने किया।
#HindiNews #SwatantraPrabhat #AllahabadHighCourt #HighCourtBarAssociation #UttarPradeshNews #श्रद्धांजलि #प्रयागराजसमाचार #SocialistThinker #पुण्यतिथि #समाजवादीविचारधारा #इलाहाबादहाईकोर्ट \#PrayagrajNews #FreedomFighter #स्वतंत्रतासेनानी #बैरिस्टररामआधारपाण्डेय #RamAdharPandey #बैरिस्टररामआधारपाण्डेयचौक #PrayagrajMayor #गणेशकेशरवानी #HarshvardhanBajpai #अधिवक्तासमाज #मोतीलालनेहरूरोड #चौकअनावरणसमारोह #प्रयागराजकीविरासत #राजनीतिकविरासत


Comments