नगर आयुक्त नीलम सई तेजा ने रेहड़ी-पटरी दुकानदारों की समस्या का समाधान किया

नगर आयुक्त नीलम साईं तेजा के नेतृत्व में प्रयागराज नगर निगम ने यात्रिक होटल के सामने रेहड़ी-पटरी लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले गरीब दुकानदारों की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है।

Abhinav Shukla Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात।
 
ब्यूरो प्रयागराज 
 
 नगर आयुक्त नीलम साईं तेजा के नेतृत्व में प्रयागराज नगर निगम ने यात्रिक होटल के सामने रेहड़ी-पटरी लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले गरीब दुकानदारों की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। नगर निगम की ओर से दुकानदारों को पार्किंग के बाईं ओर निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इससे छोटे कारोबारियों को व्यवस्थित तरीके से अपना रोजगार चलाने का अवसर मिलेगा।
 
यात्रिक होटल के सामने लंबे समय से रेहड़ी-पटरी लगाने वाले दुकानदारों को दुकान लगाने के लिए उचित स्थान की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या के समाधान के लिए राष्ट्रीय संगठन रेहड़ी-पटरी संचालक के प्रदेश महासचिव कुलदीप सिंह के नेतृत्व में तथा संगठन के अध्यक्ष श्याम गुप्ता के मार्गदर्शन में प्रयास किए गए।
 
 दुकानदारों की समस्या को नगर निगम के समक्ष प्रमुखता से रखा गया, जिसके बाद निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत पार्किंग के बाईं ओर 16 मीटर × 26 मीटर का स्थान निर्धारित किया गया है। यहां बीच में गमले लगाकर डिवाइडर बनाया जाएगा। दोनों तरफ दुकानदारों को व्यवस्थित तरीके से दुकान लगाने की जगह मिलेगी, ताकि ग्राहकों को भी बैठकर खाने-पीने की सुविधा मिल सके।
 
इसके साथ ही नगर निगम की ओर से निर्धारित स्थान पर मिट्टी डलवाकर जमीन को ऊंचा कराया जाएगा, जिससे बरसात के दौरान जलभराव और कीचड़ की समस्या से दुकानदारों को राहत मिल सके।
 
इस पूरी व्यवस्था में नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अरविंद राय और कर्नल दिनेश तंवर की अहम भूमिका रही। वहीं, नगर निगम की टाउन वेंडिंग कमेटी के सदस्य रवि शंकर द्विवेदी, यात्रिक मार्केट कमेटी के अध्यक्ष संजय संघर्षी और महामंत्री प्रशंसा श्रीवास्तव ने भी इस पहल में अपनी भूमिका निभाई। संबंधित दुकानदारों की सहमति से यह व्यवस्था तय की गई है।
 
नगर आयुक्त नीलम साईं तेजा के नेतृत्व में लिया गया यह निर्णय उन छोटे कारोबारियों के लिए राहत भरा कदम है, जिनकी आजीविका रेहड़ी-पटरी के कारोबार पर निर्भर है। उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी एक-दो दिनों में यहां दुकानें संचालित होने लगेंगी और दुकानदार व्यवस्थित तरीके से अपना रोजगार शुरू कर सकेंगे।
 
नगर निगम की इस पहल से जहां रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को रोजगार के लिए निश्चित स्थान मिलने की उम्मीद है, वहीं ग्राहकों को भी बेहतर सुविधा मिल सकेगी। यह कदम गरीब दुकानदारों की आजीविका को सहारा देने और शहर में व्यवस्थित वेंडिंग व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें