प्रयागराज में वांछित हिस्ट्रीशीटर अशरफ हरवारा गिरफ्तार, SIT ने भेजा जेल

प्रयागराज और कौशांबी में दर्ज हैं 17 मुकदमे।

Abhinav Shukla Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात।
 
ब्यूरो प्रयागराज 
 
सरकारी  कुर्क शत्रु संपत्ति के फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीनों पर अवैध कब्जा करने के मामले में वांछित हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद अशरफ सिद्दीकी उर्फ अशरफ हरवारा को विशेष जांच टीम (SIT) ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
 
 SIT ने शनिवार को उसे मोहिनी चौराहे से रहीमाबाद जाने वाले रास्ते से पकड़ा। आरोपी के खिलाफ एयरपोर्ट थाने में वर्ष 2023 में मुकदमा दर्ज किया गया था।
 
हाईकोर्ट के आदेश पर गठित हुई थी SIT
 
मामले में तेजी लाने और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर वादी नफीस आलम ने दिसंबर 2025 में हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। हाईकोर्ट के आदेश पर प्रयागराज के अपर पुलिस आयुक्त ने तीन सदस्यीय SIT गठित कर मामले की विवेचना सौंपी थी। टीम में फाफामऊ थाना अध्यक्ष और दो दरोगाओं को शामिल किया गया था, जबकि एसीपी सिविल लाइंस विद्युत गोयल को पर्यवेक्षण अधिकारी बनाया गया था। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर SIT ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
 
प्रयागराज और कौशांबी में 17 मुकदमे दर्ज
 
करीब 47 वर्षीय अशरफ हरवारा, मकबूल अहमद का पुत्र और धूमनगंज थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसके खिलाफ प्रयागराज और कौशांबी में कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें दो मामले हत्या से संबंधित हैं। इसके अलावा धोखाधड़ी, जालसाजी, जमीन पर कब्जा, मारपीट, धमकी और रंगदारी जैसे आरोपों में भी मुकदमे दर्ज हैं।
 
वर्ष 2019 में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी। उसे भूमाफिया घोषित किए जाने की बात भी सामने आई है।
 
शत्रु संपत्ति के फर्जी दस्तावेज बनाने का आरोप
 
पुलिस के मुताबिक, अशरफ पर सरकारी कुरकुशुदा और शत्रु संपत्ति के कूटरचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी के जरिए जमीनों पर अवैध कब्जा करने का आरोप है। इसी मामले में वर्ष 2023 में एयरपोर्ट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी इस मामले में वांछित चल रहा था।
 
SIT की कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
 
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें