कलक्टरगंज पुलिस ने चोरी के 50 हजार रुपये किए बरामद, आरोपी गिरफ्तार

पीड़ित ने खुद पकड़ा आरोपी, पूछताछ में भाई की भूमिका भी आई सामने

हर्षिता यादव  Picture
Published On

कानपुर। कलक्टरगंज थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने भाई के साथ मिलकर वादी के बैग से 50 हजार रुपये चोरी किए थे। चोरी की रकम शत-प्रतिशत बरामद कर ली गई है। मामले में गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि उसका भाई विकास वांछित बताया गया है।
 
पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक, घटना के संबंध में 13 अक्टूबर 2026 को कलक्टरगंज थाना क्षेत्र में राजीव पुत्र जागेश्वर, निवासी मकान नंबर एम-0-16, शिवकटरा लाल बंगला, थाना चकेरी, कानपुर नगर तथा एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी राजीव की उम्र करीब 40 वर्ष बताई गई है।
 
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई विकास के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। पुलिस के मुताबिक, चोरी की रकम बरामद होने के डर से दोनों भाई रुपये घर ले जाने के बजाय संकट मोचन मंदिर के पास रेलवे खंडहर में छिपाकर रख देते थे। आरोपी ने बताया कि उसका भाई विकास रुपये लेकर वहां से चला गया था और रकम उसी स्थान पर रखी होने की जानकारी उसे थी।
 
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के 50 हजार रुपये बरामद कर लिए। पुलिस का दावा है कि घटना के 12 घंटे के भीतर चोरी की पूरी रकम बरामद कर ली गई। मामले में चोरी के माल की बरामदगी के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2), 3(5) के तहत विधिक कार्रवाई की गई है।
 
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राजीव को 14 अक्टूबर 2026 को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। वहीं, मामले में उसके भाई विकास की तलाश की जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त, अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था), अपर पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय), पुलिस उपायुक्त पूर्वी तथा सहायक पुलिस आयुक्त कलक्टरगंज के निर्देशन और पर्यवेक्षण में की गई।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें