डिवाइडर से टकराकर नाले में गिरी बाइक, तीन युवकों की मौत

औराई कोतवाली क्षेत्र के इटवा ऊपरवार गांव में रविवार को यूनियन बैंक के पास दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई।

Abhinav Shukla Picture
Published On

भदोही। औराई कोतवाली क्षेत्र के इटवा ऊपरवार गांव में रविवार को यूनियन बैंक के पास दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। महाराजगंज की ओर से घर लौटते समय उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क किनारे खुले नाले में जा गिरी। तीनों युवक मेदिनीपुर गांव के निवासी थे। घटना से गांव में मातम छा गया।

पुलिस के अनुसार, हादसे में विवेक बिंद (29), सूरज बिंद (20) और पुनीत बिंद (19) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक डॉ. नवनीत दुबे के मुताबिक, युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। सिर में गंभीर चोट और ब्रेन हेमरेज मौत का कारण बना।

विवेक गुजरात की स्टील कंपनी में मजदूरी करते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटी बेटियां हैं। सूरज सूरत में कपड़े की दुकान पर मजदूरी करते थे और रविवार सुबह ही घर लौटे थे। वह चार बहनों के इकलौते भाई थे। वहीं, पुनीत हाईस्कूल के छात्र थे और चार भाइयों में सबसे छोटे थे।

एक ही गांव के तीन युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें