नवीनतम
भारत
सुधांशु शुक्ला के नेतृत्व में अमेठी भाजपा संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत करने की कवायद तेज
जनपद के सभी मंडलों में मंडल कार्यसमिति व शक्ति केंद्र संयोजकों के साथ हुई बैठकें, आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर मंथन
अमेठी। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला के नेतृत्व में अमेठी जनपद में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में बुधवार को जनपद के सभी मंडलों में मंडल कार्यसमिति के सदस्यों एवं शक्ति केंद्र संयोजकों के साथ बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
स्वयं जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने अमेठी मंडल में मंडल कार्य समिति सदस्यों एवं शक्ति केंद्र संयोजकों के साथ बैठक की, जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कार्यकर्ताओं को संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि “कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ की हड्डी हैं और कार्यकर्ताओं का हित सर्वोपरि है।” उन्होंने कहा कि भाजपा की मजबूती का आधार उसका सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता है। बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाकर पार्टी की गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी मंडलों में मंडल सत्यापन अधिकारियों द्वारा मंडल कार्यसमिति एवं शक्ति केंद्र संयोजकों के साथ बैठक कर संगठन की जमीनी स्थिति की जानकारी ली जा रही है। इसका प्रमुख उद्देश्य बूथों को अधिक सक्रिय बनाना, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की प्रभावी तैयारी सुनिश्चित करना है।जिला अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम और संगठनात्मक एकजुटता के बल पर पार्टी को और मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर निरंतर सक्रिय रहते हुए संगठन की विचारधारा और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया ।बैठक में कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी आई है। कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में सहभागी बनने और लगातार जमीन पर सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत करने के प्रयासों से कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है।
इसी क्रम में राजा फतेहपुर मंडल के सत्यापन अधिकारी शंकर बक्श सिंह, एवं मंडल मुसाफिरखाना के सत्यापन अधिकारी हिंदेश सिंह ने मंडल कार्यसमिति सदस्यों एवं शक्ति केंद्र संयोजकों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा बूथ स्तर पर संगठन को अधिक मजबूत, सक्रिय और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।भाजपा जिला नेतृत्व का कहना है कि मंडल स्तर पर बैठकों का यह सिलसिला संगठनात्मक ढांचे को और प्रभावी बनाने के साथ आगामी कार्यक्रमों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


Comments