तुलसीसदन में मुख्यमंत्री के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया 

बढ़े पारिश्रमिक से खिले आउटसोर्स कर्मचारियों के चेहरे, सामाजिक सुरक्षा का भी मिलेगा लाभ

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

प्रतापगढ़। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में संपूर्ण आउटसोर्स मानव संसाधन प्रबंधन के डिजिटल एकीकरण के लिए उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के लोगो, वेबसाइट एवं पोर्टल का शुभारंभ किया। इस दौरान आउटसोर्स कर्मचारियों को डेमो चेक भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद में तुलसीसदन (हादीहाल) सभागार में किया गया।
 
जिसका अवलोकन भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी डा0 राममोहन मीना, विधायक सदर प्रतिनिधि अरूण कुमार मौर्य, नगर पालिका परिषद बेल्हा अध्यक्ष प्रतिनिधि विशाल विक्रम सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 ए0एन0 प्रसाद, ईओ नगर पालिका राकेश कुमार, सहायक श्रमायुक्त मो0 अब्बास, श्रम प्रर्वतन अधिकारी महेन्द्र सिंह, सभासद सहित बड़ी संख्या में विभिन्न विभागों में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारियों द्वारा किया गया। 
 
 आउटसोर्स कार्मिकों के लिए यह घोषणा की गई कि प्रत्येक माह की 5 तारीख के भीतर निश्चित रूप से मानदेय का भुगतान होगा। कोई भी आउटसोर्सिंग एजेंसी विभाग एवं उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम की सहमति के बिना किसी कर्मचारी को नहीं हटा सकेगी।आउटसोर्स कर्मचारियों को ईएसआई के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।आउटसोर्स सेवा निगम और स्टेट बैंक के बीच हुए एमओयू के माध्यम से कर्मचारियों को निर्धारित वेतनमान के आधार पर दुर्घटना बीमा कवर प्रदान किया जाएगा।
 
दुर्घटना या आपदा की स्थिति में कर्मचारी के परिवार को 20 लाख से लेकर 40-50 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।कर्मचारी के पुत्र की शिक्षा के लिए 8 लाख रुपये तक, पुत्री की शिक्षा के लिए 10 लाख रुपये तक तथा दो पुत्रियों के विवाह के लिए 8 से 10 लाख रुपये तक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। कर्मचारी की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु होने पर उसके परिवार को बैंक के माध्यम से 50 हजार रुपये की तत्काल सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसी प्रकार अन्य घोषणायें भी गयी।
 
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री की पहल को ऐतिहासिक बताते हुए आउटसोर्स कर्मचारियों को बधाई दी। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना ने कहा कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का पोर्टल कर्मचारियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा।  विधायक सदर प्रतिनिधि अरुण कुमार मौर्य और नगर पालिका परिषद बेल्हा अध्यक्ष प्रतिनिधि विशाल विक्रम सिंह ने भी मुख्यमंत्री की पहल की सराहना की।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें