चुनाव की तैयारियों में जुटी सपा, कल से बूथ स्तर पर शुरू होगा प्रचार: अखिलेश

भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, अन्याय और बेरोजगारी को लेकर साधा निशाना

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

लखनऊ।

 समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। पार्टी बुधवार से बूथ स्तर पर प्रचार अभियान शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार, अन्याय और अत्याचार चरम पर है। सपा के सभी जिलाध्यक्ष अगले दो सप्ताह में अपने-अपने जिलों में सरकार के भ्रष्टाचार और कथित अन्याय को जनता के सामने उजागर करेंगे।

सोमवार को सपा प्रदेश कार्यालय में जिला एवं महानगर अध्यक्षों तथा बूथ स्तर पर काम कर रहे पदाधिकारियों की बैठक के बाद पत्रकार वार्ता में अखिलेश यादव ने मतदाता सूची को लेकर भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद भी फार्म-7 भराए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले वार्षिक पुनरीक्षण के नाम पर भाजपा अपने पक्ष में मतदाताओं को जोड़ने का प्रयास कर सकती है। उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश में बड़ा षड्यंत्र बताया।

पीडीए के साथ भेदभाव का लगाया आरोप

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के साथ भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था में भी इन वर्गों के साथ कथित तौर पर भेदभाव किया जा रहा है। पुलिस हिरासत में मौत और कथित फर्जी मुठभेड़ों का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में हुई सभी फर्जी मुठभेड़ों की जांच कराई जाएगी।WhatsApp Image 2026-08-31 at 6.33.06 PM

उन्होंने बदायूं और वाराणसी की घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। बदायूं में 28 वर्षीय राजेश कोरी की पुलिस हिरासत में मौत का उल्लेख करते हुए उन्होंने पुलिस के दावों पर भी सवाल खड़े किए। अखिलेश ने कहा कि पुलिस हिरासत में होने वाली मौतों को अक्सर हृदयाघात बताया जाता है और इन मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

डॉ. नारायण सुब्बाराव हार्डीकर की पुण्यतिथि पर कांग्रेस सेवा दल ने दी श्रद्धांजलि Read More डॉ. नारायण सुब्बाराव हार्डीकर की पुण्यतिथि पर कांग्रेस सेवा दल ने दी श्रद्धांजलि

एआई से वीडियो बनाने पर भाजपा को घेरा

सपा अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के जरिए उनके खिलाफ बनाए जा रहे वीडियो को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजनीति में इस तरह के वीडियो बनाना उचित नहीं है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी भी तकनीक के इस्तेमाल में पीछे नहीं है, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं से किसी के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो नहीं बनाने को कहा गया है।

31 वर्षों से निभा रहे भाई-बहन के स्नेह की परंपरा Read More 31 वर्षों से निभा रहे भाई-बहन के स्नेह की परंपरा

अखिलेश ने कहा कि समाजवादी सरकार ने पहले ही छात्रों को लैपटॉप उपलब्ध कराए थे और भविष्य में भी बदलती तकनीक के अनुसार छात्रों की मदद के लिए फैसले लिए जाएंगे।

मिशन शक्ति अभियान के अन्तर्गत  ओबरा पुलिस द्वारा नाबालिग बालिका को सकुशल किया बरामद, अभियुक्त गिरफ्तार Read More मिशन शक्ति अभियान के अन्तर्गत ओबरा पुलिस द्वारा नाबालिग बालिका को सकुशल किया बरामद, अभियुक्त गिरफ्तार

महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सरकारी संपत्तियों को बेच रही है और विभिन्न परियोजनाओं में भ्रष्टाचार तथा कमीशनखोरी हो रही है। उन्होंने जेपीएनआईसी, छतर मंजिल, किसान बाजार, बस अड्डे और अन्य संपत्तियों का उल्लेख करते हुए सरकार से जवाब मांगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का विकास मॉडल कथित तौर पर कमीशनखोरी और सरकारी संपत्तियों के निजीकरण पर आधारित है। उन्होंने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के रखरखाव और लोक निर्माण विभाग में भी अनियमितताओं के आरोप लगाए।

किसानों और युवाओं के मुद्दे पर भी सवाल

सपा अध्यक्ष ने किसानों को खाद नहीं मिलने और आलू, मक्का, सरसों सहित विभिन्न फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसानों और पशुपालकों को दूध की भी उचित कीमत नहीं मिल रही है।

बेरोजगारी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में युवाओं को पर्याप्त रोजगार नहीं मिला। उन्होंने मुख्यमंत्री के छह माह में एक लाख नौकरियां देने के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार का कार्यकाल समाप्त होने में कुछ ही महीने बचे हैं और अब इस तरह के वादे किए जा रहे हैं।

बाढ़ और कानून-व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने चित्रकूट, बांदा और प्रयागराज में बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में बड़े पैमाने पर धन खर्च होने के बावजूद बाढ़ और जलभराव की समस्या बनी हुई है।

उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपराध की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी जातीय जनगणना की पक्षधर है और चाहती है कि सभी वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में अधिकार एवं सम्मान मिले।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने प्रदेश में एक्सप्रेसवे, एचसीएल और इकाना स्टेडियम जैसी परियोजनाएं दीं और विकास के कई कार्य किए। उन्होंने कहा कि पार्टी भविष्य में भी सकारात्मक और प्रगतिशील राजनीति के साथ प्रदेश के विकास के लिए काम करेगी।

About The Author

Post Comments

Comments

नवीनतम समाचार