सड़क न बनने पर तो ग्रामीणों ने हाईवे पर लगाया जाम

डेढ़ घंटे तक बंद रहा लखनऊ-दिल्ली हाईवे का यातायात

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

तिलहर (शाहजहांपुर)- जर्जर सड़क, जगह-जगह जानलेवा गड्ढे और उनमें भरे पानी का लंबे समय से दंश झेल रहे ग्रामीणों  ने लखनऊ-दिल्ली हाईवे जाम कर दिया। देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब डेढ़ घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
 
सुनौरा अजमतपुर गांव में स्कूल से अमरेश सिंह के मकान होते हुए सुखपाल सिंह के मकान तक जाने वाली सड़क लंबे समय से बदहाल है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के साथ ही बारिश का पानी भरने से स्थिति और भी बदतर हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें रोजाना इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है, लेकिन जिम्मेदारों की अनदेखी के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है। सड़क निर्माण के लिए ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों को कई बार शिकायती पत्र दिए गए, लेकिन कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता चला गया।
 
सड़क न बनने पर तो ग्रामीणों ने हाईवे पर लगाया जाम
 
बुधवार सुबह करीब 11 बजे सुनीता सिंह, राजेश्वरी सिंह, राजवती, उर्मिला, प्रेमवती, शकुंतला, देवकी, अन्नपूर्णा सिंह, रूबी देवी, शिवम सिंह समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और युवक लखनऊ-दिल्ली हाईवे स्थित शिव शक्ति ढाबे के पास पहुंच गए। ग्रामीणों ने देखते ही देखते हाईवे की दोनों लेन पर कब्जा जमाकर धरना शुरू कर दिया। हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
 
हाईवे जाम की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रभाष चंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी मौके पर आकर सड़क निर्माण शुरू कराने का आश्वासन नहीं देते, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। महिलाओं ने ग्राम प्रधान पर मनमानी और तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।
 
ग्रामीणों ने ददरौल ब्लॉक के बीडीओ को मौके पर बुलाने की मांग की। मामला बढ़ता देख ददरौल ब्लॉक के बीडीओ अमित सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्या सुनी और बृहस्पतिवार से सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। बीडीओ के आश्वासन के बाद करीब साढ़े 12बजे बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया। इसके बाद पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर हाईवे पर फंसे वाहनों को निकलवाया और यातायात सुचारू कराया।
 
सड़क न बनने पर तो ग्रामीणों ने हाईवे पर लगाया जाम
 
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि, निर्धारित समयावधि में निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वह दोबारा हाईवे जाम कर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। बीडीओ अमित सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर महिलाएं और युवक हाईवे जाम कर प्रदर्शन कर रहे थे। उन्हें बृहस्पतिवार से सड़क निर्माण शुरू कराने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया गया है। इस दौरान शिवकुमार सिंह, राज, जितेंद्र सिंह, रवि कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण मौजूद रहे।

About The Author

Post Comments

Comments