नवीनतम
भारत
महुगड़ी में जंगली हाथी का आतंक, खेतों में रौंदी फसलें; वन विभाग की टीम रेस्क्यू में जुटी, ग्रामीणों में दहशत
मीरजापुर।
मीरजापुर। थाना ड्रमंडगंज क्षेत्र के महुगड़ी गांव में जंगली हाथी दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। क्षेत्रीय लोगों द्वारा जंगली हाथी की मौजूदगी की सूचना वन विभाग को दिए जाने के बाद विभाग की टीम तत्काल सक्रिय हो गई और हाथी की निगरानी के साथ रेस्क्यू अभियान में जुट गई। बताया जा रहा है कि जंगली हाथी के क्षेत्र में पहुंचने से कई किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। खेतों में हाथी के पैरों के निशान सुबह से ही दिखाई देने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार जंगली हाथी ने खेतों में घुसकर धान, मक्का और बाजरा सहित अन्य फसलों को रौंदकर नष्ट कर दिया। हाथी के आने-जाने के दौरान खेतों में लगे पिलरों को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि किसान सुजीत कुमार और राजेश कुमार की फसल को भी काफी क्षति हुई है। सुबह खेतों में पहुंचने पर किसानों ने जगह-जगह हाथी के बड़े-बड़े पैरों के निशान देखे, जिसके बाद पूरे इलाके में जंगली हाथी के होने की सूचना तेजी से फैल गई।

मामले को लेकर रेंजर रवि शर्मा से वार्ता की गई तो उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार मौके पर लगी हुई है और हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि जंगली हाथी जिस दिशा से क्षेत्र में आया था, उसी दिशा की ओर वापस जाता दिखाई दिया है। बावजूद इसके किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए वन विभाग की टीम पूरी सतर्कता के साथ क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था संभाले हुए है।

वन विभाग के अधिकारी ग्रामीणों को लगातार सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं और लोगों से अपील की जा रही है कि जंगली हाथी के नजदीक जाने या उसे देखने के लिए भीड़ न लगाएं। टीम द्वारा हाथी की लोकेशन और उसके आने-जाने के रास्ते पर निगरानी रखी जा रही है। वहीं फसलों के नुकसान को लेकर प्रभावित किसानों में चिंता बनी हुई है और ग्रामीणों ने प्रशासन व वन विभाग से नुकसान का आंकलन कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

महुगड़ी क्षेत्र में जंगली हाथी की मौजूदगी ने जहां ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है, वहीं वन विभाग की टीम रेंजर रवि शर्मा के नेतृत्व में लगातार सुरक्षा और निगरानी अभियान में जुटी हुई है। खेतों में दिखाई दे रहे हाथी के पैरों के निशान और रौंदी गई फसलें उसके क्षेत्र में होने की गवाही दे रही हैं। फिलहाल वन विभाग की टीम हाथी को सुरक्षित तरीके से उसके जंगल वाले क्षेत्र की ओर वापस भेजने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटी हुई है।


Comments