पुनर्वास-1 में निशुल्क शिक्षा केंद्र की तैयारी तेज, सफाई अभियान में अमित कुमार ने किया श्रमदान
समृद्धि जन कल्याण संस्था की पहल से जरूरतमंद बच्चों को मिलेगी निशुल्क शिक्षा, महिलाओं को सिलाई प्रशिक्षण से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास
संतोष कुमार गुप्ता ( संवाददाता)
बीजपुर/सोनभद्र।
आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से समृद्धि जन कल्याण संस्था द्वारा बीजपुर के पुनर्वास-1 में निशुल्क शिक्षा केंद्र की शुरुआत की जा रही है। केंद्र के शुभारंभ को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। संस्था का उद्देश्य बच्चों को निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ उन्हें बेहतर भविष्य के लिए तैयार करना है।
निशुल्क शिक्षा केंद्र के माध्यम से बच्चों को नियमित शिक्षा देने के साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा जरूरतमंद परिवारों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में भी संस्था द्वारा प्रयास किया जाएगा।
केंद्र के शुभारंभ की तैयारियों के तहत परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान संस्था के महासचिव अमित कुमार ने स्वयं मौके पर श्रमदान करते हुए सफाई कार्य में विशेष योगदान दिया। उन्होंने अन्य सदस्यों के साथ मिलकर परिसर की साफ-सफाई कर उसे व्यवस्थित करने में सक्रिय भूमिका निभाई।
संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि किसी भी जनकल्याणकारी कार्य की शुरुआत स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण से होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से केंद्र परिसर को साफ-सुथरा और बच्चों के लिए अनुकूल बनाया जा रहा है।
संस्था के पदाधिकारियों के अनुसार केंद्र का लाभ बीजपुर मार्केट और पुनर्वास क्षेत्र के जरूरतमंद बच्चों को मिलेगा। यहां बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के साथ महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
इस दौरान संस्था के अध्यक्ष सिद्धार्थ उपाध्याय, उपाध्यक्ष जावेद अहमद, महासचिव अमित कुमार, मीडिया प्रभारी विजय कुमार तथा सचिव के.पी. सोनकर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
संस्था ने बताया कि केंद्र का विधिवत शुभारंभ जल्द ही एक कार्यक्रम आयोजित कर किया जाएगा। इसके बाद निशुल्क शिक्षा का नियमित संचालन शुरू होगा। संस्था का लक्ष्य शिक्षा, कौशल विकास और जनकल्याण के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।


Comments