नवीनतम
फीचर्ड
भारत
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 122 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ
लक्ष्मी फार्म हाउस में हुआ भव्य सामूहिक विवाह समारोह, डीएम व विधायक ने नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद
टूण्डला/फिरोजाबाद।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत लक्ष्मी फार्म हाउस, पीपल चौकी चुल्हावली रोड टूण्डला में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं टूण्डला विधायक प्रेमपाल धनगर की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह के दौरान कुल 122 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न कराया गया, जिसमें 110 हिन्दू एवं 12 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। सभी जोड़ों का विवाह उनकी धार्मिक परंपराओं एवं रीति-रिवाजों के अनुसार कराया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सरकार की एक अनूठी एवं महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है। सामान्य परिवारों के जीवन में रोजगार, बच्चों की शिक्षा एवं विवाह तथा आकस्मिक चिकित्सा जैसी प्रमुख चिंताएं रहती हैं। सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्ग को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बेटी के जन्म के बाद अभिभावक उसके विवाह के लिए अपनी क्षमता के अनुसार थोड़ी-थोड़ी बचत करते हैं, लेकिन विवाह के समय यह पूरी बचत खर्च हो जाती है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से ऐसे परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है, जिससे उन्हें अपनी बेटियों के विवाह को लेकर आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि योजना का लाभ 3 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले पात्र परिवारों को दिया जा सकता है। इसके साथ ही नववधू के सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखते हुए निर्धारित धनराशि उनके बैंक खाते में प्रेषित की जा रही है। उन्होंने जनपद के ऐसे सभी पात्र एवं वंचित परिवारों से अपील की कि जिनकी बेटियों की शादी तय हो चुकी है, वे आगे आकर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।
Read More फिरोजाबाद पुलिस का बड़ा एक्शन: मुठभेड़ में 25-25 हजार के दो इनामी बदमाश घायल, तीन गिरफ्तारसामूहिक विवाह से सामाजिक समरसता को बढ़ावा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए टूण्डला विधायक प्रेमपाल धनगर ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से सामान्य परिवारों को अपनी बेटियों के विवाह की चिंता से राहत मिली है। सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक सम्पन्न कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न धर्मों एवं जातियों के जोड़ों का एक साथ सामूहिक विवाह कराया जाना सामाजिक समरसता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे समाज में आपसी भाईचारे एवं एकता की भावना को बढ़ावा मिलता है। समारोह में नवविवाहित जोड़ों एवं उनके परिजनों में उत्साह का माहौल रहा। जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने नवदंपतियों को सुखी दांपत्य जीवन, उज्ज्वल भविष्य एवं समृद्धि की शुभकामनाएं दीं।


Comments