डीएम ने कंपोजिट विद्यालय व बीआरसी टूण्डला का किया निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने विकासखंड टूण्डला के कंपोजिट विद्यालय, टूण्डला का स्थलीय निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया

विवेक शर्मा Picture
Published On

टूण्डला/फिरोजाबाद।

 

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने विकासखंड टूण्डला के कंपोजिट विद्यालय, टूण्डला का स्थलीय निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, शिक्षण-अधिगम की स्थिति सहित विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में एक इंचार्ज प्रधानाध्यापक, नौ सहायक अध्यापक, दो शिक्षामित्र एवं दो अनुदेशक सहित कुल 14 कार्मिक कार्यरत पाए गए। निरीक्षण के समय एक सहायक अध्यापिका आकस्मिक अवकाश पर थीं, जबकि शेष स्टाफ उपस्थित मिला। विद्यालय में कुल 414 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जिनमें से निरीक्षण के दौरान 242 विद्यार्थी उपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। मध्यान्ह भोजन योजना के तहत विद्यार्थियों को वितरित किए जा रहे दाल एवं चावल की गुणवत्ता भी जांची गई, जो संतोषजनक पाई गई।

डीएम ने कंपोजिट विद्यालय व बीआरसी टूण्डला का किया निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर

विद्यार्थियों से पूछे विषय संबंधी सवाल

निरीक्षण के समय विद्यालय की कक्षाओं 6, 7 एवं 8 में पर्यावरण अध्ययन विषय की परीक्षा संचालित हो रही थी। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से विषय से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर एवं समझ का जायजा लिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर दिए जाने पर जिलाधिकारी ने उनकी सराहना की। इसके बाद जिलाधिकारी ने ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी), टूण्डला का भी निरीक्षण किया। यहां संबंधित पाठ्यपुस्तकों पर आधारित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम दो कक्षा-कक्षों में संचालित पाया गया। जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण में प्रतिभाग कर रहे शिक्षकों से संवाद कर प्रशिक्षण की उपयोगिता एवं विद्यालयों में इसके प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने प्रशिक्षणार्थी शिक्षकों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं नवीन शिक्षण विधियों को अपने-अपने विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करें, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

Read More टूण्डला में 25 अगस्त को लगेगा वृहद रोजगार मेला

नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर जोर

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति तथा शिक्षकों के प्रशिक्षण के उद्देश्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की शैक्षिक समझ विकसित करने के साथ-साथ उन्हें बेहतर सीखने का वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा। निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार, फिरोजाबाद एवं खंड शिक्षा अधिकारी, टूण्डला सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

निरंकारी मिशन ने जिला अस्पताल परिसर में रोपे 100 पौधे, हरित वातावरण का लिया संकल्प Read More निरंकारी मिशन ने जिला अस्पताल परिसर में रोपे 100 पौधे, हरित वातावरण का लिया संकल्प

Post Comments

Comments