स्कूल वैन की चपेट में आने से आठ वर्षीय छात्रा की मौत परिवार में मचा कोहराम

  दादा सुरेश पाठक सेक्शन इंजीनियर के पद से सेवानिवृत्त हैं और मूल रूप से मिर्जापुर के निवासी हैं।

Abhinav Shukla Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात । 
 
नैनी,प्रयागराज ।
 
नैनी कोतवाली क्षेत्र के प्रयागपुरम में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय छात्रा की जान चली गई। स्कूल से घर लौटने के बाद वैन से उतरकर अपना बैग निकाल रही बच्ची वाहन की चपेट में आ गई। हादसे के बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।मृतका की पहचान प्रयागपुरम, नैनी निवासी तस्वनी उदयांसी पाठक के रूप में हुई है। परिवार में सभी उसे प्यार से ताशी बुलाते थे। वह दिल्ली पब्लिक स्कूल में कक्षा तीन की छात्रा थी।मृतका की दादी कादंबनी पाठक के अनुसार, ताशी गुरुवार दोपहर स्कूल से घर लौटी थी। घर के दरवाजे पर स्कूल वैन से उतरने के बाद वह अपना बैग निकाल रही थी। इसी दौरान उसका बैग वैन में फंस गया। आरोप है कि चालक ने पीछे की ओर देखते बिना ही तेज रफ्तार में वैन पीछे कर दी। इससे बच्ची वाहन की चपेट में आकर दीवार से टकरा गई और वैन तथा दीवार के बीच फंस गई।
बच्ची की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने किसी तरह उसे वाहन के नीचे से निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
 
इकलौती बेटी की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
 
ताशी अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। उसके पिता मनीष कुमार पाठक दिल्ली में निजी नौकरी करते हैं, जबकि मां आरती दुबे गोरखपुर में सरकारी शिक्षिका हैं। इन दिनों वह छुट्टी पर घर आई हुई थीं। माता-पिता के दूसरे शहरों में नौकरी करने के कारण ताशी अपने दादा सुरेश पाठक और दादी कादंबनी पाठक के साथ रहती थी।  दादा सुरेश पाठक सेक्शन इंजीनियर के पद से सेवानिवृत्त हैं और मूल रूप से मिर्जापुर के निवासी हैं।
 
बच्ची का शव घर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। मां अपनी बेटी का शव देखकर बेसुध हो गईं। वहीं, चाचा पुष्पेंद्र पाठक बच्ची के शव को गोद में लेकर बिलखते रहे। परिजनों ने बताया कि एक दिन पहले ही ताशी परिवार के साथ दशहरा मेला घूमने गई थी, जहां उसने खूब खरीदारी की थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि अगले ही दिन परिवार को इस तरह के असहनीय दुख का सामना करना पड़ेगा।स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने स्कूल वैन चालक को पकड़ लिया और उसे वाहन में बंद कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर नैनी इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
 
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें