मां कल्याणी देवी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, गर्भगृह में सेल्फी पर लगा स्थायी प्रतिबंध
शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को प्रयागराज के प्राचीन शक्तिपीठ मां कल्याणी देवी मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
स्वतंत्र प्रभात।
ब्यूरो प्रयागराज ।
शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को प्रयागराज के प्राचीन शक्तिपीठ मां कल्याणी देवी मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर के बाहर भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। घंटा-घड़ियाल, शंखनाद और मां के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मंदिर के मुख्य पुजारी पं. श्यामजी पाठक ने सुबह मां की विशेष मंगला आरती और महाभिषेक संपन्न कराया। वहीं, पं. संतोष कुमार मिश्र के नेतृत्व में 11 ब्राह्मण मंदिर परिसर में शतचंडी महायज्ञ कर रहे हैं। इसके साथ ही दुर्गा सप्तशती का पाठ भी किया जा रहा है।
गर्भगृह में सेल्फी लेने पर प्रतिबंध
नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन समिति ने गर्भगृह में सेल्फी लेने पर स्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, सेल्फी लेने के दौरान श्रद्धालुओं की पीठ मां की ओर हो जाती है, जिससे पूजा की मर्यादा और व्यवस्था प्रभावित होती है। अब श्रद्धालु दर्शन के बाद गर्भगृह के बाहर से तस्वीर ले सकेंगे।
मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मां कल्याणी देवी मंदिर के साथ ही मां अलोपशंकरी और मां ललिता देवी मंदिरों के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। पुलिस के साथ पीएसी और आरएएफ के जवान तैनात किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए भीड़ पर नजर रखी जा रही है। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस बल, एंटी रोमियो स्क्वॉड और क्विक रिस्पांस टीम को सक्रिय रखा गया है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां कल्याणी देवी मंदिर देश के 51 शक्तिपीठों में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। नवरात्र के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं।
#UPPolice #SwatantraPrabhat #HinduFestival #प्रयागराज #ReligiousNews #NavratriCelebration #शारदीयनवरात्रि #NavratriSpecial \#PrayagrajNews #MaaBrahmacharini #मांब्रह्मचारिणी #KalyaniDeviTemple #ShardiyaNavratri2026 #NavratriDarshan #PrayagrajTemples #KalyaniDeviMandir #AlopShankariTemple #LalitaDeviTemple #TempleSecurity #ShatChandiMahayagya #DurgaSaptashati #MangalAarti #TempleRules #PrayagrajReligion #कल्याणीदेवीमंदिर


Comments