दलित महिला की जमीन हड़पने का आरोप, परिजनों ने किया प्रदर्शन
मंजू देवी लापता,अंगूठा लगवाकर जमीन अपने नाम कराने की कोशिश, सुखलाल चेरो ने थाने में दिया प्रार्थना पत्र
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
कोन /सोनभद्र-
विकास खंड कोन के कुड़वा गांव में जमीन विवाद को लेकर मामला गरमा गया है। दलित परिवार की जमीन कथित तौर पर अंगूठा लगवाकर हड़पने का आरोप लगाया गया है। परिजनों ने यादव और गुप्ता बिरादरी के कुछ लोगों पर जमीन के मामले में अनियमितता करने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया है। इसी बीच मंजू देवी के लापता होने से परिवार की चिंता बढ़ गई है। परिजनों ने आशंका जताई है कि जमीन विवाद के कारण उन्हें गायब किया गया है। इस संबंध में सुखलाल चेरो ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों का कहना है कि जमीन उनके परिवार की आजीविका का प्रमुख सहारा है। आरोप है कि अंगूठा लगवाकर जमीन अपने नाम कराने की कोशिश की गई। परिवार ने स्पष्ट कहा है कि वे अपनी जमीन नहीं देंगे। उनका कहना है कि जमीन के दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
मुख्यमंत्री से अधिकारियों तक लगाई गुहार
परिवार की ओर से मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को भी प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग किए जाने की जानकारी मिली है। शिकायत में जमीन की खरीद-बिक्री, रजिस्ट्री और कथित कब्जे की जांच कराने की मांग की गई है।
मंजू देवी के लापता होने के मामले में परिजनों ने पुलिस से उनका जल्द पता लगाने की गुहार लगाई है। हालांकि, उन्हें गायब किए जाने के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
परिजनों की मांग है कि मंजू देवी को जल्द खोजा जाए, जमीन विवाद की निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।


Comments