दुर्गा पूजा को लेकर निकला फ्लैग मार्च,एसडीएम-एसडीपीओ ने संभाली कमान
श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की सक्रियता बढ़ा दी गई है।
त्रिवेणीगंज, सुपौल। दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम करने के उद्देश्य से शुक्रवार की देर शाम पुलिस प्रशासन की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। एसडीएम अभिषेक कुमार और एसडीपीओ दिलीप कुमार की संयुक्त अगुवाई में निकला फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू हुआ। इसमें बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल हुए। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने बाजार के प्रमुख मार्गों,दुर्गा मंदिर,मेन रोड और मेला ग्राउंड सहित विभिन्न इलाकों का भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। दुर्गा पूजा के अवसर पर पूजा पंडालों और बाजार में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की सक्रियता बढ़ा दी गई है।
एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य लोगों के बीच सुरक्षा की भावना कायम रखना और त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों और चिह्नित स्थलों पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। फ्लैग मार्च के दौरान इन व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। साथ ही, पूजा पंडालों में निर्धारित एसओपी का पालन सुनिश्चित करने और सीसीटीवी कैमरे को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा रही है,ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें। प्रशासन की प्राथमिकता त्योहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना और लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की। मौके पर थानाध्यक्ष राकेश कुमार,सब-इंस्पेक्टर विजय कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद थे।


Comments