राजकीय पीजी कॉलेज सितारगंज में सेवा संकल्प अभियान के विजेताओं का सम्मान, 

 कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मेधावी छात्रों को किया सम्मानित

Abhinav Shukla Picture
Published On

 सितारगंज। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सितारगंज में शुक्रवार को दोहरे उत्साह का माहौल देखने को मिला। महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों का सम्मान समारोह और नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर पार्टी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित छात्रसंघ ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
 
महाविद्यालय में ‘मेरे सपनों का भारत, विकसित भारत 2047’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने शिरकत की। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं जैसे निबंध, भाषण, पोस्टर, रंगोली और वाद-विवाद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
 
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने अपने संबोधन में कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और पूंजी होते हैं। उनकी प्रतिभा, ऊर्जा और सकारात्मक सोच ही देश को विकास के नए आयाम पर ले जाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे जीवन में एक बड़ा लक्ष्य निर्धारित करें और अनुशासन व निरंतर परिश्रम के साथ उस लक्ष्य को प्राप्त करने में जुट जाएं। 
 
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सबसे आवश्यक है। विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति भी सजग रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहकर और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाकर ही युवा सच्चे अर्थों में राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकते हैं।
 
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. रेनू रानी बंसल ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक चेतना को विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि इन प्रतियोगिताओं का मुख्य मकसद छात्र-छात्राओं में रचनात्मकता, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन और परिश्रम के साथ शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
 
कार्यक्रम का संचालन छात्रसंघ पदाधिकारियों द्वारा किया गया। इस दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष हरेकृष्णा मिस्त्री, उपाध्यक्ष राजपाल, छात्रा उपाध्यक्ष दीप्ति बैरागी, प्राध्यापक दुर्गा तिवारी, डॉ. गीतांजलि मिश्रा, डॉ. कमला उपाध्याय, डॉ. सविता रानी, डॉ. सुधा पाल सहित समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें