जिला न्यायाधीश की मौजूदगी में गोला बार एसोसिएशन की नई टीम ने संभाली कमान
गोला बार एसोसिएशन में गिरजेश शाही का दबदबा बरकरार, 20वीं बार बने अध्यक्ष
रिपोर्टर/बृजनाथ तिवारी (गोला तहसील प्रभारी)
ग़ोला बाजार : गोरखपुर जनपद के दक्षिणांचल में स्थित तहसील गोला के कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला न्यायाधीश राजकुमार सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। एल्डर कमेटी के अध्यक्ष हरिकेश यादव ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
प्राप्त विवरण के अनुसार बार एसोसिएशन गोला के नवनिर्वाचित अध्यक्ष गिरजेश शाही ने 20वीं बार जीत दर्ज करा कर शपथ ग्रहण किया। वहीं, चौथी बार मंत्री पद पर निर्वाचित शंकरानंद शुक्ला ने भी शपथ ली। इसके अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रीनिवास पाल, पुस्तकालय मंत्री रामलखन राय, मंत्री प्रशासन गणेश शंकर भारती, कोषाध्यक्ष मनीष राय तथा कार्यकारिणी सदस्य सद्भाव कृष्णचंद मौर्य, मनोज कुमार दूबे, सत्यजीत चंद, भगवान राय और अखिलेश सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपने दायित्वों के निर्वहन की शपथ ली।
ग्राम न्यायालय के विस्तार पर बोले जिला न्यायाधीश....
समारोह को संबोधित करते हुए जिला न्यायाधीश राजकुमार सिंह ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे। उन्होंने गोला में ग्राम न्यायालय के संचालन और विस्तार से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि ग्राम न्यायालय में न्यायाधीश की नियुक्ति के लिए प्रयास किया जाएगा। यह पद पिछले छह माह से रिक्त है। उन्होंने कहा कि ग्राम न्यायालय के क्षेत्राधिकार में बदलाव और उसके विस्तार का विषय ग्राम न्यायालय अधिनियम तथा संबंधित कानूनी प्रावधानों के अनुसार आगे बढ़ाया जा सकता है। इस संबंध में सक्षम प्राधिकारियों और उच्च न्यायालय की प्रक्रिया का पालन आवश्यक है। जन्म प्रमाणपत्र से जुड़े मामलों को ग्राम न्यायालय के माध्यम से निस्तारित कराने के विषय पर भी संबंधित अधिकारियों से विचार-विमर्श करने की जरूरत है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एल्डर कमेटी के अध्यक्ष हरिकेश यादव और संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता भारद्वाज पाण्डेय ने किया।स्वागत राम दिनेश राय ने किया। बार एसोसिएशन गोरखपुर के अध्यक्ष प्रमोद कुमार पांडेय और मंत्री चंद्र प्रकाश मिश्र विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
इस शपथ ग्रहण अवसर पर एसडीएम गोला मनीष कुमार, तहसीलदार सत्येंद्रकुमार मौर्य और क्षेत्राधिकारी दरवेश कुमार सहित एल्डर कमेटी के सदस्य श्रीनिवास पाण्डेय, कमलेश यादव और ओमप्रकाश ओझा सहित समस्त अधिवक्ता भारी संख्या में उपस्थित रहे।


Comments