कुशीनगर : वृद्धाश्रम में श्रीमद्भागवत कथा के भक्ति रस में गोता लगा रहे वृद्धजन
सामाजिक संस्था प्रताप सेवा ट्रस्ट द्वारा श्रीमद्भागवत कथा एवं महापुराण ज्ञान गंगा का हो रहा आयोजन
पडरौना, कुशीनगर। कसया में प्रदेश सरकार द्वारा संचालित वृद्धाश्रम में श्रीमद्भागवत कथा एवं महापुराण ज्ञान गंगा में सैकड़ो वृद्धजन व आसपास के गांवों के लोग भक्ति रस में गोता लगा रहे है। 8 अक्टूबर तक चलने वाले इस कथा में कथा व्यास वेदान्ती नन्दन श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत महापुराण की कथा सुना रहे हैं।
आयोजक ट्रस्ट के सचिव शत्रुघ्न प्रताप शाही ने बताया कि कथा का आयोजन कसया नगर पालिका के गोला बाजार स्थित रामजानकी नगर वार्ड के सरकारी वृद्धाश्रम में हो रहा है। कथा का समय प्रतिदिन दोपहर बाद 4 बजे से शाम 7 बजे तक है। श्री शाही ने बताया कि व्यक्तिगत तौर पर कई जगहों पर श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होता है। वृद्धाश्रम में रह रहे लोगों के बीच कथा कराने की बात मन में आई थी, उसी दृष्टिकोण से यह आयोजन किया गया ।
वृद्धाश्रम की वार्डेन रागिनी सिंह ने बताया कि यह आश्रम 2015 से संचालित है, मै यहां पर 2015 से नियुक्त हूं लेकिन आश्रम के अन्दर इस प्रकार का आयोजन अभी तक नहीं हुआ था। कथा के आयोजन से यहां रह रहे बेसहारा लोगों में काफी उत्साह है। कहा कि उन लोगों के साथ ही हम लोग भी कथा सुनकर पुण्य प्राप्त कर रहे हैं ।

कथावाचक वेदांती नंदन श्रीमद्भागवत के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक जीवन का संदेश दे रहे हंै। कथा में काफी संख्या में लोग पहुंचकर कथा वाचन कर रहे हैं । सचिव शत्रुघ्न प्रताप शाही ने बताया कि 8 अक्टूबर को समापन होगा और उस दिन पूर्णाहुति के साथ भंडारा का आयोजन किया जाएगा। कथा के इस आयोजन में कुंवर प्रताप सिंह, मैनेजर चेतन शर्मा, मैनेजर राम प्रताप तिवारी, अखिलेश सिंह, रामचन्द्र सिंह, श्रीराम सिंह, विश्राम मणि, महेन्द्र प्रताप सिंह आदि का सराहनीय सहयोग मिल रहा है।


Comments