नवीनतम
भारत
नव चयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को वितरित किए गए नियुक्ति पत्र
महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन की दिशा में सरकार का महत्वपूर्ण कदम : विधायक प्रभात कुमार वर्मा
मनकापुर, गोंडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं को रोजगार, सम्मान और स्वावलंबन के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में सोमवार को बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, विकासखंड बभनजोत, जनपद गोंडा द्वारा नव चयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में गौरा विधायक प्रभात कुमार वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने नव चयनित आंगनबाड़ी सहायिका बहनों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में विधायक प्रभात कुमार वर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ी सहायिकाएं प्रदेश के नौनिहालों के पोषण, स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनका चयन केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मातृशक्ति को सशक्त बनाने, महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने तथा समाज के भविष्य को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं एवं महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। महिला सशक्तिकरण और रोजगार के क्षेत्र में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयास प्रदेश की विकास यात्रा को नई गति प्रदान कर रहे हैं।
विधायक ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें समाज एवं राष्ट्र निर्माण में अधिक प्रभावी भूमिका निभाने के अवसर प्रदान करना है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण सहयोग मिलता है।
इस अवसर पर विधायक प्रभात कुमार वर्मा ने सभी नव चयनित आंगनबाड़ी सहायिका बहनों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा बच्चों और महिलाओं के हित में बेहतर कार्य करें।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नीरज पटेल, सीडीपीओ बभनजोत दुर्गेश कुमार गुप्ता, मंडल अध्यक्ष अरुण प्रकाश शुक्ला, पूर्व मंडल अध्यक्ष शोहरत वर्मा, डब्लू सिंह, बब्लू वर्मा, विक्रम प्रसाद वर्मा सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नव चयनित आंगनबाड़ी सहायिका बहनें उपस्थित रहीं।


Comments