एसपी ने रेहरा बाजार थाने का किया औचक निरीक्षण
लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
बलरामपुर रेहरा बाजार/बलरामपुर।
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर श्री मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने सोमवार को थाना रेहरा बाजार का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था का जायजा लिया। अचानक हुए निरीक्षण से थाना परिसर में पुलिसकर्मियों में सक्रियता देखने को मिली। एसपी ने थाना कार्यालय, हवालात, बैरक, मालखाना, मिशन शक्ति केंद्र, सीसीटीएनएस कार्यालय सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों और अभिलेखों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय में अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों, आईजीआरएस प्रकरणों और लंबित अभियोगों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों में नियमानुसार और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने के साथ ही पीड़ितों एवं शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने पर जोर दिया गया।
अपराधियों पर शिकंजा कसने के निर्देश
एसपी ने थाना क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस को सक्रिय रहने के निर्देश दिए। वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित चेकिंग करने को कहा गया।
उन्होंने रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने और क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा आगामी त्योहारों के मद्देनजर शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने को कहा।
महिला अपराधों में संवेदनशीलता बरतने पर जोर
मिशन शक्ति केंद्र के निरीक्षण के दौरान एसपी ने महिला संबंधी शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनने तथा उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल अपराधों में प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की स्वच्छता, अभिलेखों के रखरखाव, अनुशासन और पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को पूर्ण मनोयोग, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने की हिदायत दी।
एसपी ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार सहित थाना रेहरा बाजार के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
swatantra prabhat uttar pradesh police uttar pradesh news balrampur news Balrampur police Law and order women safety police administration crime control Crime Prevention Police Inspection police patrolling Mission Shakti Police Accountability pending investigations Wanted Criminals Warrant Arrest Balrampur Local News Rehra Bazar News SP Balrampur Martand Prakash Singh Rehra Bazar Police Station Women Crime Child Crime IGRS Cases


Comments