हाईवे किनारे खड़ी कार का शीशा तोड़कर 25 हजार नकदी समेत सामान उड़ाया
......मस्तीपुर में वारदात, टूल बॉक्स, मोबाइल चार्जर और वाइपर भी ले गए चोर; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
निगोहां, लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र के मस्तीपुर गांव में हाईवे किनारे खड़ी कार को बीती रात चोरों ने निशाना बना लिया। कार का चालक साइड का शीशा तोड़कर चोर अंदर रखे 25 हजार रुपये, टूल बॉक्स, मोबाइल चार्जर, हवा भरने की मशीन और आगे-पीछे के दोनों वाइपर चोरी कर ले गए। सुबह कार का शीशा टूटा मिलने पर घटना की जानकारी हुई।
मस्तीपुर निवासी दिनेश सिंह यादव के मुताबिक, उनकी ऑरा कार (यूपी 32 पीएफ 5421) हाईवे किनारे खड़ी थी। रात में अज्ञात चोरों ने चालक साइड के दरवाजे का शीशा तोड़ दिया और कार के अंदर रखा सामान व नकदी पार कर दी। सुबह कार के पास पहुंचने पर शीशा टूटा मिला और सामान गायब था।
घटना की सूचना पर निगोहां पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
निगोहां थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि कार का शीशा तोड़कर चोरी की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


Comments