अचलगंज पिंक बूथ पर पुलिस का अनोखा संदेश, बच्चों ने स्टेज पर दिखाया बाल विवाह का दर्द, गदनखेड़ा के होटलों में हुई चेकिंग

नाबालिग बच्चियों की शादी और छोटे बच्चों से मजदूरी कराने जैसी कुरीतियों पर रोक लगाने के लिए सोमवार को उन्नाव पुलिस सड़क पर उतरी।

Abhinav Shukla Picture
Published On

उन्नाव। नाबालिग बच्चियों की शादी और छोटे बच्चों से मजदूरी कराने जैसी कुरीतियों पर रोक लगाने के लिए सोमवार को उन्नाव पुलिस सड़क पर उतरी। मिशन शक्ति के छठवें चरण के तहत अचलगंज तिराहे पर बने पिंक बूथ के सामने एक जागरूकता चौपाल लगाई गई। यहां आम लोगों को कानूनी जानकारी देने के साथ-साथ कलाकार बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से सबका ध्यान खींचा।
 
दरअसल, सोल ऑफ डांस एकेडमी के छोटे-छोटे बच्चों ने बाल विवाह पर आधारित नृत्य नाटिका तैयार की थी। इस नाटिका में दिखाया गया कि कैसे कम उम्र में शादी हो जाने से लड़कियों की पढ़ाई छूट जाती है, सेहत पर बुरा असर पड़ता है और पूरा भविष्य अंधेरे में चला जाता है। प्रस्तुति के आखिर में यह भी बताया गया कि अगर कहीं बाल विवाह की सूचना मिले तो पुलिस तुरंत कैसे कार्रवाई करती है। लोगों ने बच्चों की इस प्रस्तुति को खूब सराहा। पूरे कार्यक्रम को डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने तैयार कराया था।
 
सिर्फ जागरूकता तक ही सीमित नहीं रही पुलिस
 
कार्यक्रम खत्म होने के बाद पुलिस टीम सीधे गदनखेड़ा बाईपास पहुंच गई। वहां एएसपी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंट की किचन तक चेक की गई। होटल मालिकों को दो टूक कहा गया कि अगर यहां कोई बच्चा काम करते हुए मिला तो सीधे मुकदमा दर्ज होगा। उन्हें समझाया गया कि बच्चों के हाथ में किताब होनी चाहिए, काम का बोझ नहीं।
 
एसएसपी जय प्रकाश सिंह के निर्देश पर हुए इस पूरे अभियान में सीओ बीघापुर प्रदीप कुमार, कोतवाली सदर के प्रभारी चंद्रकांत मिश्रा, महिला थाने की प्रभारी रेखा सिंह मौजूद रहीं। उनके साथ डांस एकेडमी की संचालक सामना तोलानी भी थीं।
 
पुलिस ने मौजूद लोगों से अपील की कि अपने आसपास अगर कहीं भी बाल विवाह या बाल मजदूरी होते देखें तो चुप न रहें, तुरंत डायल 112 या महिला हेल्पलाइन पर सूचना दें।
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें