वन्य जीव-जंतुओं का संरक्षण करना हमारा परम धर्म : निरंजन सिंह
सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में दो अक्टूबर से आठ अक्टूबर तक चल रहे वन्य जीव संरक्षण जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत विद्यार्थियों को वन्य जीव-जंतुओं के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
सितारगंज। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में दो अक्टूबर से आठ अक्टूबर तक चल रहे वन्य जीव संरक्षण जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत विद्यार्थियों को वन्य जीव-जंतुओं के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। गुरुवार को पूर्वी तराई वन क्षेत्र बाराकोली रेंज के सितारगंज स्थित कार्यालय में जागरूकता सप्ताह का समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने वन्य जीव-जंतुओं के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और प्राकृतिक संसाधनों के महत्व को लेकर अपने विचार भी रखे। चार अक्टूबर को विद्यालय में चित्रकला एवं वन्य जीव-जंतुओं पर आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए वन्य जीव संरक्षण से जुड़े विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य निरंजन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वन्य जीव-जंतुओं का संरक्षण करना हमारा परम धर्म है। उन्होंने कहा कि वन्य जीव प्रकृति के महत्वपूर्ण अंग हैं और इनके संरक्षण के बिना पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना संभव नहीं है। उन्होंने वन्य जीव संरक्षण की आवश्यकता को वर्तमान परिप्रेक्ष्य से जोड़ते हुए भारतीय संस्कृति और पौराणिक काल के उदाहरण प्रस्तुत किए। राजा शिवि और राजा दिलीप के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि भारतीय संस्कृति में सदियों से जीव-जंतुओं के प्रति दया, करुणा और संरक्षण की भावना रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से वन्य जीवों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने का आह्वान किया।
नगर कोतवाल सुंदरम शर्मा ने कहा कि वन्य जीवों को घरों में पालना या उन्हें अनावश्यक रूप से अपने आसपास बुलाना उचित नहीं है। उन्होंने लोगों से वन्य जीवों के प्राकृतिक आवास में किसी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं करने तथा वन्य जीव दिखाई देने पर वन विभाग को सूचना देने की अपील की। उन्होंने कहा कि वन्य जीवों की सुरक्षा के साथ-साथ आम लोगों की सुरक्षा भी महत्वपूर्ण है।
वन क्षेत्राधिकारी ने क्षेत्र में पाए जाने वाले विभिन्न वन्य जीवों और उनके सामने आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जंगल और वन्य जीवों का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए वन विभाग के साथ आमजन और विद्यार्थियों की सहभागिता भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को वन्य जीवों के प्रति जागरूक रहने और उनके संरक्षण का संदेश समाज तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिताओं में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के भैया स्पर्श गंगवार ने चित्रकला एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। दिव्या जोशी, शौर्य मिश्रा और सार्थक शर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि अनन्या सकलानी और जागृति कर ने तृतीय स्थान हासिल किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कार्यक्रम में सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया।
समापन कार्यक्रम में नगर कोतवाल सुंदरम शर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद गंगवार, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, चेयरमैन प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक, विद्यार्थी तथा वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में डा. लोकेश गंगवार, हर्षित सक्सेना, अंकित पाठक, पवन पाठक, रुक्मणी, कांस्टेबल गीता, मीनाक्षी, नंदकिशोर, निषाद सहित वार्ड सदस्य सचिन गंगवार एवं आयोजन मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।
#SwatantraPrabhat #SchoolNews #ForestDepartment #Biodiversity #SaraswatiVidyaMandir #EnvironmentProtection #EnvironmentalAwareness #UttarakhandNews #SitarganjNews #StudentAwareness #WildlifeProtection #NatureConservation #WildlifeConservation #WildlifeAwareness #WildlifeConservationWeek #EasternTeraiForest #BarakoliRange #SaveWildlife #WildlifeEducation #SitarganjForest #WildAnimals #EnvironmentalBalance #WildlifeCompetition #NatureProtection #ConservationAwareness


Comments