जमीन रजिस्ट्री में देरी की शिकायत पर बरही विधायक मनोज कुमार यादव पहुंचे अवर निबंधन कार्यालय

डीड राइटरों की शिकायतों पर एसडीओ सह प्रभारी अवर निबंधन पदाधिकारी से की वार्ता, पारदर्शी व्यवस्था और आम जनता के कार्यों को प्राथमिकता देने का दिया निर्देश

Abhinav Shukla Picture
Published On

बरही, हजारीबाग, झारखंड:-  अवर निबंधन कार्यालय, बरही में जमीन की रजिस्ट्री और दस्तावेजों के निबंधन में हो रही देरी की शिकायतों को लेकर बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एसडीओ सह प्रभारी अवर निबंधन पदाधिकारी जोहन टुडू से मुलाकात कर आम लोगों को हो रही परेशानियों के संबंध में विस्तृत बातचीत की।
 
विधायक ने निबंधन प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुचारू बनाने तथा सभी आमजनों के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश दिया। विधायक मनोज कुमार यादव ने बताया कि उन्हें ग्रामीणों और डीड राइटरों के माध्यम से जमीन रजिस्ट्री से संबंधित कई शिकायतें मिल रही है।
 
शिकायतों में निबंधन कार्यों में देरी होने और कुछ लोगों के दस्तावेजों का निबंधन प्राथमिकता के आधार पर किए जाने, जबकि अन्य डीड राइटरों के दस्तावेज लंबित रहने की बात सामने आई थी। इन्हीं समस्याओं की जानकारी लेने और उनके निराकरण के उद्देश्य से विधायक अवर निबंधन कार्यालय पहुंचे। बातचीत के दौरान विधायक ने कहा कि निबंधन कार्यालय में किसी व्यक्ति विशेष को प्राथमिकता देने के बजाय सभी आमजनों के साथ समान व्यवहार होना चाहिए।
 
कार्यालय में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का काम नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिस्टम के माध्यम से आने वाले दस्तावेजों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्राथमिकता मिलनी चाहिए, ताकि किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। विधायक ने एसडीओ से कहा कि जमीन की रजिस्ट्री आम लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण कार्य है।
 
ऐसे में दस्तावेजों के निबंधन में अनावश्यक देरी से लोगों को आर्थिक और मानसिक परेशानी होती है। इसलिए कार्यालय की कार्यप्रणाली को व्यवस्थित बनाते हुए लंबित मामलों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
 
इस संबंध में एसडीओ सह प्रभारी अवर निबंधन पदाधिकारी जोहन टुडू ने विधायक को बताया कि कार्यालय में प्रतिदिन लगभग पांच से दस निबंधन के मामले आते हैं और उनके द्वारा प्रत्येक दिन निबंधन का कार्य किया जा रहा है। विधायक ने आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए व्यवस्था में आवश्यक सुधार करने और निबंधन से जुड़े कार्यों को सरल बनाने पर जोर दिया। विधायक मनोज कुमार यादव ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है।
 
जमीन रजिस्ट्री में आ रही दिक्कतों को लेकर मिली शिकायतों के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारी से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली और आम लोगों के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया। मौके पर जिला परिषद उपाध्यक्ष किशुन यादव, विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, जिला परिषद प्रतिनिधि गुरुदेव गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि भगवान केशरी, मंडल अध्यक्ष नागेश्वर रजक, मनितोष यादव और राजेश केशरी उर्फ मेवालाल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें