मिशन शक्ति के तहत चारों तहसीलों में आयोजित हुआ पिंक समाधान दिवस

डीएम शशांक चौधरी ने गौरीगंज में सुनीं फरियादियों की समस्याएं, 22 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

हर्षिता यादव  Picture
Published On

अमेठी। मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के अंतर्गत शनिवार को जनपद की चारों तहसीलों में पिंक समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील गौरीगंज में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। चारों तहसीलों में कुल 141 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 22 का मौके पर निस्तारण किया गया।
 
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।
 
किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, हीलाहवाली अथवा उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, पेंशन, आवास सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में विभागीय समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
 
संवेदनशील मामलों में अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर जांच करने तथा निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तहसीलवार प्राप्त शिकायतों के विवरण के अनुसार गौरीगंज में 59 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 9 का मौके पर निस्तारण किया गया। तिलोई में 22 शिकायतों में 4, मुसाफिरखाना में 24 शिकायतों में 3 तथा अमेठी तहसील में 36 शिकायतों में से 6 शिकायतों का निस्तारण किया गया।
 
शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। राजस्व एवं पुलिस विभाग से जुड़े मामलों में संयुक्त टीमों को मौके पर भेजकर जांच और निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन अपने-अपने कार्यालयों में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जनसुनवाई करें और प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें।
 
उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनकर उनका निष्पक्ष समाधान किया जाए, ताकि आमजन को समय से राहत मिल सके। समाधान दिवस के दौरान उपजिलाधिकारी गौरीगंज दिशा श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी गौरीगंज, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, तहसीलदार गौरीगंज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें