पत्नी की गैर इरादतन हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, भेजा न्यायालय
जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा ।
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
सोनभद्र / उत्तर प्रदेश -
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रूणवाल एवं क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय के कुशल पर्यवेक्षण में थाना शाहगंज पुलिस द्वारा मु0अ0सं0 105/2026 धारा 105 बीएनएस से संबंधित वांछित अभियुक्त मुन्ना कोल को गिरफ्तार किया गया।
अभियुक्त अपनी पत्नी रामदुलारी के साथ पिछले पांच वर्षों से गुरदह में जमीन लेकर खेती कर रहा था। खेती में लाभ न होने के कारण वह वहां नहीं रहना चाहता था, जबकि उसकी पत्नी वहीं रहना चाहती थी। इसी बात को लेकर दिनांक 11.10.2026 को कैर जंगल में दोनों के बीच विवाद एवं हाथापाई हुई। इसी दौरान अभियुक्त ने क्रोध में आकर डंडे एवं टंगारी से अपनी पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
दिनांक 13.10.2026 को थाना शाहगंज के उ0नि0 राजेश कुमार सिंह एवं उ0नि0 राहुल पाण्डेय मय हमराह पुलिस बल द्वारा क्षेत्र में तलाश वांछित अभियुक्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर राजा साहब के बाग, ग्राम कोटवा से अभियुक्त मुन्ना कोल पुत्र स्व0 बंधू, निवासी मुसहर टोला राजपुर, थाना शाहगंज, जनपद सोनभद्र को समय 05:37 बजे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उ0नि0 राजेश कुमार सिंह, थाना शाहगंज , उ0नि0 राहुल पाण्डेय, चौकी प्रभारी कस्बा,हे0का0 तुफैल खाँ शामिल रहे ।


Comments