पूर्व IAS दिव्या मित्तल ने विंध्याचल धाम में किया दर्शन-पूजन, मीरजापुर से बताया आत्मा का रिश्ता
कलश स्थापना के साथ साथ मां गंगा की भी दर्शन की
जगह जगह स्वागत करने और सेल्फी खींचने वालों की भीड़ सी लगी रही
मीरजापुर।
मीरजापुर से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर करने के बाद सियासी हलकों में चर्चाएं तेज, आम दर्शनार्थी की तरह कतार में लगकर किए मां के दर्शन
विंध्याचल। पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल रविवार को शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन मां विंध्यवासिनी के दरबार में पहुंचीं। इस्तीफा देने के बाद लगातार सुर्खियों में रहीं दिव्या मित्तल ने आम दर्शनार्थी की तरह कतार में लगकर मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया। मीरजापुर से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर करने के बाद उनके विंध्याचल आगमन को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, उनके आगमन को लेकर किसी राजनीतिक दल से जुड़ाव या चुनावी रणनीति के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई।

दर्शन-पूजन के बाद दिव्या मित्तल ने मीरजापुर से अपने आत्मीय रिश्ते का जिक्र करते हुए कहा कि उनका विंध्याचल धाम से आत्मा का नाता है। उन्होंने कहा, “मैं मीरजापुर की हूं और मीरजापुर हमारा है। यहां से मुझे हमेशा बहुत स्नेह और आशीर्वाद मिला है। जब भी यहां आती हूं, मुझे बेहद खुशी होती है।”
Read More तीन दिवसीय श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर का हुआ समापन, 535 श्रमिकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण।
शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन उन्होंने सभी भक्तों और स्थानीय लोगों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। साथ ही मां विंध्यवासिनी से सभी के घरों में सुख-समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।

दिव्या मित्तल ने मीरजापुर के लोगों से मिले स्नेह का एक भावुक प्रसंग भी साझा किया। उन्होंने बताया कि रास्ते में एक युवक उनके पास आया और पूछा कि मैम, आप व्रत होंगी। इसके बाद वह उनके हाथ में केले का गुच्छा थमाकर चला गया। दिव्या मित्तल ने कहा कि उन्होंने युवक के इस व्यवहार को मां का आशीर्वाद और लोगों का स्नेह समझा।

उन्होंने कहा कि मीरजापुर के बारे में उन्हें अलग से अंदाजा लगाने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह वही स्थान है, जहां से उन्हें भरपूर स्नेह और आशीर्वाद मिला है। देश में खबर बनने को लेकर उन्होंने कहा कि वह स्वयं को कुछ नहीं मानतीं, सब कुछ कर्मों पर निर्भर करता है।

नवरात्र के पहले दिन विंध्याचल पहुंचीं पूर्व आईएएस अधिकारी के इस दौरे ने जहां उनकी आस्था और मीरजापुर से जुड़ाव को सामने रखा, वहीं उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाओं को भी हवा दी है।


Comments