नारी का सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन ही रामराज्य का आधार: योगी आदित्यनाथ
देवीपाटन मंदिर में मुख्यमंत्री ने किया कन्या पूजन, बालिकाओं को किया सम्मानित; शिक्षा की उड़ान पहल के तहत विद्यार्थियों को बांटी अध्ययन सामग्री
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
रमेश कुमार यादव
बलरामपुर।
शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस एवं अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवीपाटन मंदिर परिसर में कन्या पूजन कर नारी शक्ति के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने 'शिक्षा की उड़ान' पहल के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को स्टडी टेबल, आशीर्वाद पत्र एवं पठन-पाठन सामग्री वितरित की। वहीं, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिका खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं ट्रैकसूट देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने विराट किसान मेले एवं विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का शुभारंभ कर किसानों को कृषि यंत्र भी प्रदान किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नारी का सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन ही रामराज्य की स्थापना का वास्तविक आधार है। जब प्रत्येक महिला को सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा, तभी रामराज्य की संकल्पना साकार होगी। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति की उपासना की प्राचीन परंपरा रही है। मां भगवती की आराधना का वास्तविक अर्थ भी महिलाओं की गरिमा, सम्मान और सुरक्षा के प्रति समाज की प्रतिबद्धता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए विजयदशमी को भगवान श्रीराम की विजय के प्रतीक पर्व के रूप में उल्लासपूर्वक मनाने का आह्वान किया।
नौ कन्याओं का पूजन कर दिया नारी सम्मान का संदेश
देवीपाटन मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री ने नवदुर्गा स्वरूपा नौ कन्याओं का विधिवत तिलक कर पूजन किया। उन्होंने कन्याओं को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा चॉकलेट और उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्याओं को देवी स्वरूप माना गया है। बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराना समाज की प्रगति एवं समृद्धि के लिए आवश्यक है।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार से बेटियों को मिला आगे बढ़ने का अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश के विद्यालयों में पढ़ने वाली अनेक बेटियां बुनियादी सुविधाओं के अभाव में पढ़ाई बीच में छोड़ने को मजबूर थीं। विद्यालयों में अलग शौचालय, शुद्ध पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की कमी सामने आई थी। इसके बाद सरकार ने विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में व्यापक स्तर पर कार्य किया।
उन्होंने कहा कि पहले बड़ी संख्या में बच्चे बिना जूते-चप्पल के विद्यालय जाते थे और सर्दियों में कई विद्यार्थियों के पास स्वेटर तक नहीं होते थे। प्रदेश सरकार ने इस स्थिति में सुधार करते हुए बच्चों को यूनिफॉर्म, स्कूल बैग, पाठ्यपुस्तकें, स्वेटर तथा जूते-मोजे उपलब्ध कराने की व्यवस्था की।
मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में लगभग 1.60 करोड़ स्कूली बच्चों को विभिन्न शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया गया है। स्मार्ट क्लास और डिजिटल लाइब्रेरी के जरिए बच्चों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है। आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियां किसी भी बच्चे की पढ़ाई में बाधा नहीं बननी चाहिए।
'शिक्षा की उड़ान' से विद्यार्थियों को मिली नई प्रेरणा
आकांक्षात्मक जनपद बलरामपुर में संचालित 'शिक्षा की उड़ान' पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना सराहनीय प्रयास है। इस पहल के तहत विभिन्न परिषदीय विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को स्टडी टेबल, आशीर्वाद पत्र और पठन-पाठन सामग्री प्रदान की गई।
इस अवसर पर हीरालाल, अर्चना सैनी, काजल, प्रभु जायसवाल, निस्बा, गणेश, चांदनी निषाद, शालू शर्मा, बेबी, रुद्राणी, सानिया और सुधा सहित 12 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने और जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
खेल के मैदान में बेटियों की उपलब्धियों को मिला सम्मान
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिका खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। सम्मानित होने वाली खिलाड़ियों में लंबी कूद में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कंचन, जूडो में रजत पदक विजेता प्राची जैन तथा कांस्य पदक प्राप्त करने वाली संध्या यादव और ममता शामिल रहीं।
इसके अलावा ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने एवं पदक हासिल करने वाली साची कश्यप, साक्षी सिंह, साक्षी सिद्धार्थ, पलक शुक्ला और अनाया गुप्ता को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों में बेटियों की उपलब्धियां अन्य बालिकाओं के लिए7 प्रेरणास्रोत हैं। उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के लिए निरंतर अवसर मिलने चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक विद्यालय धर्मपुर की छात्राओं गायत्री, प्रिया और जयश्री ने मुख्यमंत्री को ग्रीटिंग कार्ड, पुष्पगुच्छ, स्वरचित कविता एवं पुस्तक भेंट की। बच्चियों की रचनात्मक प्रतिभा की भी सराहना की गई।
महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन को प्राथमिकता दे रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत महिलाओं को आवास का मालिकाना अधिकार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत महिलाओं के नाम गैस कनेक्शन दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि घरौनियों में महिलाओं को अधिकार देने, शौचालयों का निर्माण कराने तथा वृद्धावस्था, निराश्रित महिला और दिव्यांगजन पेंशन जैसी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने भारतीय इतिहास में नारी शक्ति के योगदान का उल्लेख करते हुए माता कौशल्या, माता जानकी, माता शबरी, मैत्रेयी, गार्गी, लोकमाता अहिल्याबाई होलकर, रानी लक्ष्मीबाई, अवंतीबाई लोधी, ऊदा देवी पासी और झलकारी बाई जैसी महान महिलाओं के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि भारतीय नारी ने प्रत्येक कालखंड में अपनी प्रतिभा, साहस और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है।
विराट किसान मेले में आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रदर्शन
मुख्यमंत्री ने विराट किसान मेले एवं विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ किया। इसके बाद कृषि विभाग, उद्यान विभाग, रेशम विकास विभाग, पराग मिल्क और कृषि विज्ञान केंद्र सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के स्टॉलों का अवलोकन किया।
उन्होंने कृषि उत्पादों, आधुनिक तकनीकों, कृषि यंत्रों और नवाचारों की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि किसान मेलों से किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों एवं आधुनिक तकनीकों की जानकारी मिलती है। इससे कृषि उत्पादकता बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि करने के प्रयासों को गति मिलती है।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सरयू नहर परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सिंचाई सुविधाओं का विस्तार कृषि क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
किसानों को कृषि यंत्र देकर आधुनिक खेती अपनाने के लिए किया प्रेरित
किसान मेले में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी किसानों को कृषि यंत्र प्रदान किए। कस्टम हायरिंग सेंटर योजना के अंतर्गत जगनारायण और मोतीलाल यादव को चाबियां सौंपी गईं। वहीं, सर्वेश्वर मणि तिवारी, दिलीप कुमार और हरीश कुमार को पावर स्प्रेयर प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री ने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों और कृषि यंत्रीकरण का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बेहतर सिंचाई व्यवस्था, आधुनिक कृषि यंत्रों और उन्नत तकनीकों के उपयोग से खेती को अधिक सुविधाजनक बनाने के साथ उत्पादन क्षमता भी बढ़ाई जा सकती है।
बिना भेदभाव अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे विकास का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प तभी साकार होगा, जब समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पहुंचेगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि, स्वरोजगार और महिलाओं के सशक्तीकरण से जुड़े प्रयास समग्र विकास की आधारशिला हैं।
उन्होंने आकांक्षात्मक जनपद बलरामपुर में शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए संबंधित विभागों को जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में देवीपाटन मंदिर के महंत मिथलेश नाथ, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, सदर विधायक पल्टूराम, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह 'धीरू', पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह 'शैलू', मंडलायुक्त देवीपाटन मंडल दुर्गाशक्ति नागपाल, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, खिलाड़ी, किसान एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
#YOGIADITYANATH #UPGovernment #SwatantraPrabhat #WomenEmpowerment #UttarPradeshNews #WomenSafety #MissionShakti #GirlChildSafety #GirlsEducation #FarmersWelfare #GirlChildEducation #ShardiyaNavratri #InternationalDayOfTheGirlChild \#BalrampurNews #DeviPatanTemple #KanyaPujan #ShikshaKiUdaan #BalrampurDevelopment #EducationReforms #OperationKayakalp #WomenSelfReliance #SportsWomen #ViratKisanMela #ModernAgriculture #AgriculturalMachinery


Comments