फीचर्ड
राजनीति
पंचायत सहायकों ने किया कार्य बहिष्कार का ऐलान, बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
पंचायत सहायक संगठन ब्लॉक टूण्डला के बैनर तले पंचायत सहायकों ने बीडीओ कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी की और ज्ञापन सौंपा। मांगें पूरी होने तक कार्य बहिष्कार जारी रखने का ऐलान किया गया।
लखनऊ के ईको गार्डन में चल रहे महाआंदोलन के समर्थन में उठाई आवाज, 30 हजार रुपये मानदेय समेत कई मांगें
विवेक शर्मा संवाददाता टूण्डला
टूण्डला।
पंचायत सहायक संगठन ब्लॉक टूण्डला के तत्वावधान में मंगलवार को महिला ब्लॉक अध्यक्ष जितेश पौनिया की देखरेख में पंचायत सहायकों ने खंड विकास अधिकारी कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी की। पंचायत सहायकों ने लखनऊ के ईको गार्डन में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे महाआंदोलन का समर्थन करते हुए कार्य बहिष्कार की घोषणा की।
पंचायत सहायकों ने खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कहा कि जब तक लखनऊ में उनकी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रहेगा, तब तक विकासखंड टूण्डला के सभी पंचायत सहायक अपने कार्य का पूर्ण बहिष्कार करेंगे। पंचायत सहायकों का कहना है कि लंबे समय से उनकी विभिन्न मांगें लंबित हैं, जिनके समाधान के लिए प्रदेश स्तर पर आंदोलन किया जा रहा है।

ज्ञापन में पंचायत सहायकों ने मानदेय बढ़ाकर कम से कम 30 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने अथवा कुशल मजदूरी दर के बराबर मानदेय दिए जाने की मांग की। इसके साथ ही संविदा व्यवस्था समाप्त कर नौकरी स्थायी करने, महिला पंचायत सहायकों के स्थानांतरण की व्यवस्था लागू करने, मानदेय की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में भेजने तथा महिला पंचायत सहायकों को मातृत्व अवकाश की सुविधा देने की मांग उठाई गई।
पंचायत सहायकों ने बताया कि विकासखंड टूण्डला में कुल 48 पंचायत सहायक कार्यरत हैं, जिन्हें वर्तमान में छह हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाना चाहिए। इस दौरान कुमारी शोभा, हरेंद्र सिंह, पल्लवी, रीतू चौधरी, अजय कुमार, शिवानी, रणवीर सिंह सहित अन्य पंचायत सहायक मौजूद रहे।


Comments