डॉक्टर के पास ले जाने के बहाने बेटे को कंटेनर में ले गए, हत्या का आरोप
दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने कालिंदी कुंज इलाके में सुनसान कंटेनर के अंदर मिले 38 वर्षीय युवक के शव की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है।
स्वतंत्र सिंह भुल्लर नई दिल्ली, 29 अगस्त। दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने कालिंदी कुंज इलाके में सुनसान कंटेनर के अंदर मिले 38 वर्षीय युवक के शव की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक गुल हसन के 64 वर्षीय पिता तालुकदार अंसारी और उसके सहयोगी 49 वर्षीय मोहम्मद वसीम उर्फ अकरम को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, गुल हसन को डॉक्टर के पास ले जाने के बहाने सुनसान स्थान पर ले जाया गया था। वहां कथित तौर पर पत्थर से हमला करने के बाद कपड़े की रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त की शाम करीब 7:13 बजे सूचना मिली थी कि एनटीपीसी की दीवार के पास, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से करीब 500 मीटर दूर कच्ची कॉलोनी की गली नंबर-1 में स्थित एक पुराने कंटेनर में एक युवक का शव पड़ा है। स्थानीय स्तर पर इस कंटेनर को ‘बबलू का कंटेनर’ कहा जाता है।
सूचना मिलते ही कालिंदी कुंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव के सिर पर चोट का निशान था और पास में खून के धब्बे वाला कंक्रीट का पत्थर पड़ा मिला। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी।हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कालिंदी कुंज थाना, विशेष स्टाफ, मादक पदार्थ निरोधक टीम और एएटीएस की चार टीमें गठित की गईं। पुलिस ने आसपास के इलाके और घटनास्थल तक पहुंचने वाले रास्तों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। कई दिनों तक की गई जांच में पुलिस ने कैमरे-दर-कैमरे मृतक की गतिविधियों का पता लगाया।
जांच में सामने आया कि मृतक दो अन्य लोगों के साथ घटनास्थल की ओर गया था। सीसीटीवी फुटेज में तीनों को साथ जाते हुए देखा गया, लेकिन इसके बाद मृतक वापस लौटता नजर नहीं आया। पुलिस ने फुटेज और तकनीकी निगरानी के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की। दोनों आरोपियों के गोविंदपुरी स्थित एक सिलाई कारखाने में होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
0पुलिस का कहना है कि पूछताछ में पता चला कि गुल हसन मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से जूझ रहा था। जांच के अनुसार, आरोपियों ने उसे डॉक्टर के पास ले जाने की बात कहकर सुनसान कंटेनर तक पहुंचाया। पुलिस का आरोप है कि वहां मोहम्मद वसीम ने पत्थर से उसके सिर पर वार किया, जबकि तालुकदार अंसारी ने भी उस पर हमला किया। इसके बाद कपड़े के टुकड़ों से बनी रस्सी से कथित तौर पर उसका गला घोंट दिया गया।
हत्या के बाद शव को कंटेनर में छोड़ दिया गया।आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में कथित रूप से इस्तेमाल किया गया कंक्रीट का पत्थर, खून लगे कपड़े और कपड़े की रस्सी बरामद की है। पुलिस अब हत्या के पीछे के पूरे कारण का पता लगाने के साथ फोरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। अंतिम चिकित्सकीय राय और अन्य साक्ष्य मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले का खुलासा सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी, स्थानीय सूचना और चार टीमों की संयुक्त जांच के आधार पर किया गया है।
swatantra prabhat New Delhi delhi police delhi crime news murder case Law and order criminal investigation DELHI MUMBAI EXPRESSWAY police investigation Police Action suspicious death CCTV Investigation Murder Investigation Murder Accused Arrested Forensic Investigation Dead Body Recovered Mohammad Wasim Crime Detection Suspected Murder Kalindi Kunj South East Delhi Police Gul Hasan Murder Talukdar Ansari Container Murder Case Technical Surveillance Crime Branch Investigation Kalindi Kunj Police Govindpuri NTPC Area Murder Evidence


Comments