उधारी के 16 हजार रुपये मांगने पर बवाल

 फर्नीचर की दुकान में घुसाया लग्जरी वाहन तीन भाइयों पर दुकानदार और परिजनों से मारपीट का आरोप, वाहन छोड़कर फरार हुए आरोपी

Abhinav Shukla Picture
Published On

सितारगंज। फर्नीचर के बकाया 16 हजार रुपये मांगने पर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन भाइयों ने अपने साथियों के साथ तीन वाहनों से पहुंचकर फर्नीचर की दुकान में बैठे दुकानदार पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। आरोपियों ने तेज रफ्तार लग्जरी वाहन दुकान के अंदर घुसा दिया। इसके बाद दुकान में घुसकर दुकानदार के साथ मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे दुकानदार के परिजनों को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ जुटती देख आरोपी दुकान के अंदर वाहन छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है, हालांकि खबर लिखे जाने तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।
 
पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने आते ही लग्जरी वाहन तेज गति से सीधे दुकान के अंदर घुसा दिया। उस समय फैजुल हसन दुकान में बैठा हुआ था। वाहन को दुकान के अंदर घुसता देख वहां अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद आरोपियों ने वाहनों से उतरकर दुकान के अंदर ही फैजुल के साथ मारपीट शुरू कर दी।
 
दुकान में चीख-पुकार सुनकर फैजुल की पत्नी, मां, भाई और नाबालिग बेटी भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। अचानक हुए इस घटनाक्रम से आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
 
लोगों की भीड़ बढ़ती देख आरोपी दुकान के अंदर घुसाए गए वाहन को वहीं छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद दुकानदार और उसके परिजन सहमे हुए हैं। पीड़ित ने सोमवार रात ही पुलिस को घटना की सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है।
 
फर्नीचर के बकाया रुपयों को लेकर हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पीड़ित पक्ष आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में रिपोर्ट दर्ज किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार