फिरोजाबाद में टेशू-झांझी विसर्जन के दौरान भीषण हादसा, चार की मौत
बेकाबू कार ने दो स्थानों पर ग्रामीणों को रौंदा, 14 घायल; हादसे के बाद ग्रामीणों ने कार सवारों को पकड़ा
फिरोजाबाद के छटनपुर गांव में टेशू-झांझी विसर्जन के दौरान बेकाबू कार ने दो स्थानों पर ग्रामीणों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन किशोरियों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
राजू उपाध्याय जिला संवाददाता फ़िरोज़ाबाद
फिरोजाबाद।
थाना नसीरपुर क्षेत्र के गांव छटनपुर में रविवार रात टेशू-झांझी की शादी के बाद विसर्जन के लिए जा रहे ग्रामीणों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन किशोरियों और एक युवक की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात पूर्णिमा के अवसर पर गांव छटनपुर में टेशू-झांझी की शादी के बाद ग्रामीण विसर्जन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की ओर से आई स्विफ्ट डिजायर कार ने सड़क किनारे चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से भाग निकला।
ग्रामीणों ने कार का पीछा किया। इस दौरान लेबर कॉलोनी के पास कार ने फिर लोगों को टक्कर मार दी। इसके बाद चालक नसीरपुर क्षेत्र की ओर भागने लगा। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर कार रोक ली और उसमें सवार चार लोगों को पकड़ लिया। गुस्साए ग्रामीणों ने उनकी पिटाई कर दी।
अस्पताल में चार लोगों को मृत घोषित किया
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां दीपिका (19), आकांक्षा, अंजली और हरीश उर्फ सोनू को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में 14 लोग घायल हुए हैं। घायलों में गन्नू, सुरेशना, पूजा, मोहिनी, सुमन और उनकी बेटी गोलू समेत अन्य लोग शामिल हैं। कार सवार इरफान पुत्र अली खान, इरफान पुत्र सगीर और देवेश भी घायल हुए हैं। कार चालक की पहचान नहीं हो सकी है।
परिवारों में मचा कोहराम
हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मची रही। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


Comments