पीडीए सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब, भाजपा छोड़ सपा में शामिल हुए सैकड़ों कार्यकर्ता

महराजगंज के हैदरगढ़ रोड स्थित सूर्या उत्सव लॉन में रविवार को समाजवादी पार्टी के पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम उमड़ा। सम्मेलन में जुटी भीड़ से सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

Swatantra Prabhat Picture
Published On

महराजगंज/रायबरेली।  महराजगंज के हैदरगढ़ रोड स्थित सूर्या उत्सव लॉन में रविवार को समाजवादी पार्टी के पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम उमड़ा। सम्मेलन में जुटी भीड़ से सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम की अगुवाई महराजगंज-बछरावां विधायक श्यामसुंदर भारती ने की, जबकि मुख्य अतिथि सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल रहे।
 
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में उमड़ी भीड़ प्रदेश की राजनीतिक दिशा में बदलाव का संकेत है। उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, महंगाई और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।
 
उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में सपा की सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर पार्टी की नीतियों तथा पूर्ववर्ती सपा सरकार के विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाएं।
 
भाजपा छोड़ सपा में शामिल हुए कार्यकर्ता
 
सम्मेलन के दौरान भाजपा से जुड़े रहे कई कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की मौजूदगी में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष ने नवागत कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया और कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान सर्वोपरि है। सपा में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
 
सम्मेलन में पीडीए के मुद्दों को गांव-गांव तक पहुंचाने, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की रणनीति पर जोर दिया गया। नेताओं ने महंगाई, कानून-व्यवस्था और जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार को घेरा। दिल्ली में हुए लाठीचार्ज का मुद्दा उठाते हुए नेताओं ने सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए।
 
कार्यक्रम को विधायक श्यामसुंदर भारती, हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी, विधायक अताउर रहमान, विधायक चंद्रप्रकाश लोधी, प्रदेश सचिव गिरधारी लाल, जिला अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, विधानसभा अध्यक्ष बृजेंद्र चौधरी समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया।
 
सपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने की अपील की। सम्मेलन में उमड़ी भीड़ को सपा नेताओं ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए उत्साहजनक संकेत बताया।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार