जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल में मनाया कन्या जन्मोत्सव
नवजात का रखा 'अनुग्रहिता' नाम
गोण्डा। जनपद में बेटियों के सम्मान एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति सकारात्मक संदेश देने के उद्देश्य से जिला अस्पताल मेडिकल कॉलेज गोण्डा के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के प्रसव विंग एवं वार्ड में एक भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्राम बेसिया चैन निवासी श्रीमती पूनम देवी, पत्नी श्री दिनेश कुमार, के प्रसव के शुभ अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन स्वयं अस्पताल पहुंचीं और परिवारजनों के साथ मिलकर केक काटकर कन्या जन्मोत्सव मनाया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने नवजात कन्या के जन्म पर परिवार को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि बेटियां परिवार, समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों को समान अवसर, बेहतर शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने परिवारजनों से नवजात बच्ची के बेहतर पालन-पोषण एवं शिक्षा के लिए संकल्पित रहने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान परिवारजनों के आग्रह पर जिलाधिकारी ने नवजात कन्या का नाम 'अनुग्रहिता' रखा।
यह नाम सुनकर परिवारजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की और जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने नवजात शिशु के लिए शुभकामना स्वरूप चांदी की कटोरी एवं चम्मच भेंट की। साथ ही बच्ची की माता श्रीमती पूनम देवी को सहायता राशि भी प्रदान की, जिससे परिवार के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता एवं सहयोग की भावना का परिचय मिला।
कन्या जन्मोत्सव के दौरान अस्पताल परिसर में उत्साह एवं हर्ष का वातावरण रहा। उपस्थित चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों तथा अधिकारियों ने भी परिवार को शुभकामनाएं दीं और नवजात के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम ने 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' तथा कन्या सम्मान की भावना को और अधिक सशक्त बनाने का संदेश दिया।सभी ने नवजात कन्या के जन्म पर परिवार को बधाई देते हुए बेटियों के सम्मान और उनके सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
यह आयोजन समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने तथा कन्या जन्म को उत्सव के रूप में मनाने की प्रेरणा देने वाला रहा। इस अवसर पर प्राचार्य मेडिकल कॉलेज, सीएमएस जिला अस्पताल डॉ. अनिल तिवारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्र सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
gonda news स्वतंत्र प्रभात गोण्डा uttar pradesh news beti bachao beti padhao women empowerment district administration Government Initiative DM Priyanka Niranjan Kanya Janmotsav Social Awareness district hospital gonda Healthcare Services Maternal Health Child Welfare Girl Education Girl Child Newborn Baby Anugrahita Medical College Gonda Birth Celebration Positive Parenting Women and Child Development Silver Gift Female Child


Comments