भारत
बीते एक सप्ताह में अवैध खनन से युवक की दूसरी मौत , जिम्मेदार अधिकारी मौन
........क्रिकेट खेल रहे युवकों ने गेंद निकालने के लिए युवक को पानी में उतारा, गहरे गड्ढे में हुई डूबकर मौत
लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के टिकरा कल्ली पूरब गांव में गुरुवार शाम अवैध खनन से बने गहरे गड्ढे में भरे पानी में डूबने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बहराइच निवासी प्रदीप के रूप में हुई है। वह तीन-चार दिन पहले ही गांव आया था और घटनास्थल के पास घास काट रहा था। इसी दौरान क्रिकेट खेल रहे युवकों की गेंद पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरी। आरोप है कि युवकों ने गेंद निकालने के लिए प्रदीप को पानी में उतरने को कहा। गड्ढा काफी गहरा होने के कारण उसे पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग सका और वह डूब गया।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से युवक को पानी से बाहर निकलवाया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हरिकंशगढ़ी चौकी प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि प्रदीप एक क्रिकेट अकादमी में चौकीदारी का काम करता था। गुरुवार शाम अकादमी में बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान गेंद पास में बने गहरे गड्ढे में चली गई। गेंद निकालने के लिए प्रदीप पानी में उतरा, लेकिन गहराई में जाने के बाद वह डूब गया। पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन से उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी।
एक सप्ताह में अवैध खनन से दूसरी मौत
अवैध खनन से बने गहरे गड्ढे में डूबने की यह एक सप्ताह के भीतर दूसरी घटना है। ज्ञात हो कि बीते 11 अगस्त को भी मोहनलालगंज क्षेत्र में खेत में दवा का छिड़काव करने के बाद तालाब में हाथ-पैर धोने उतरे 37 वर्षीय नीरज यादव की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई थी। मऊ गांव निवासी नीरज यादव पुत्र गयाप्रसाद यादव पैर फिसलने से तालाब के गहरे पानी में चले गए थे। काफी तलाश के बाद भी जब उनका पता नहीं चला तो एसडीआरएफ को सूचना दी गई। करीब 45 मिनट के सर्च ऑपरेशन के बाद एसडीआरएफ टीम ने नीरज का शव बरामद किया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
लगातार दूसरी मौत के बाद क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध खनन जिम्मेदार अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों की नाकामी का नतीजा है । खनन माफियाओं ने जगह - जगह खनन कर सरकारी जमीन पर गहरे गड्ढे कर दिए गए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से वे जानलेवा बन गए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध खनन पर प्रभावी रोक नहीं लगने के कारण खनन कारोबारी रात-दिन मिट्टी खोदकर गहरे गड्ढे छोड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही ऐसे गड्ढों को भरवाकर सुरक्षित कराने की मांग की है। परिजनों को घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
swatantra prabhat स्वतंत्र प्रभात lucknow crime news police investigation ग्रामीणों में आक्रोश पुलिस जांच Villagers protest मोहनलालगंज अवैध खनन Mohanlalganj Illegal Mining लखनऊ अवैध खनन Lucknow Illegal Mining खनन के गड्ढे में मौत Mining Pit Death युवक की डूबकर मौत Youth Drowning Death प्रदीप मौत मामला अवैध खनन से हादसा Illegal Mining Accident सरकारी जमीन पर खनन Government Land Mining नीरज यादव मामला


Comments