दिव्यांग ब्यक्ति के मकान पर भाई द्वारा ही जबरन कब्जा
एसडीएम से न्याय की गुहार
गोंडा। इटियाथोक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत तारी परसोहिया निवासी नियाज अहमद पुत्र इब्राहिम, जो दिव्यांग हैं, अपने ही मकान और जमीन पर अधिकार पाने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। पीड़ित ने अपने छोटे भाई फरियाद अहमद और पिता इब्राहिम पर दबंगई के बल पर उसके नाम दर्ज भूमि एवं मकान पर कब्जा करने का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया है।
नियाज अहमद के अनुसार, गाटा संख्या 556 में दर्ज भूमि पर बने मकान में उसका भी बराबर का हिस्सा है और संबंधित अभिलेखों में दोनों भाइयों के नाम दर्ज हैं। आरोप है कि इसके बावजूद उसके छोटे भाई द्वारा उसके हिस्से के मकान पर कब्जा किया गया है और उसे उसका हिस्सा नहीं दिया जा रहा है। पीड़ित का यह भी आरोप है कि उसके पिता के पास जो अन्य जमीन थी, वह छोटे बेटे के नाम कर दी गई, जबकि अब उसके नाम दर्ज जमीन पर भी कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
दिव्यांग होने के कारण नियाज अहमद की स्थिति बेहद पीड़ादायक बताई जा रही है। अपने ही घर और जमीन पर अधिकार के लिए उन्हें अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। पीड़ित ने उपजिलाधिकारी सदर से अपने मकान को कब्जा मुक्त कराकर उसके हिस्से पर कब्जा दिलाए जाने तथा उसके नाम दर्ज जमीन को सुरक्षित कराए जाने की गुहार लगाई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी सदर ने प्रभारी निरीक्षक इटियाथोक तथा राजस्व निरीक्षक को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, पीड़ित का कहना है कि निर्देश के बावजूद अभी तक उसे न्याय नहीं मिल सका है।
पीड़ित ने जिला प्रशासन और शासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच कराने, अवैध कब्जे की स्थिति में कब्जा हटवाने तथा उसे उसके हिस्से की संपत्ति पर वास्तविक कब्जा दिलाने की मांग की है, ताकि उसे अपने अधिकार के लिए दर-दर न भटकना पड़े।
gonda news Land Dispute जमीन विवाद गोंडा समाचार Property Dispute Property Rights दिव्यांग व्यक्ति की संपत्ति पर कब्जे का आरोप इटियाथोक थाना Itiyathok Police Station तारी परसोहिया गांव Tari Parsohiya Village नियाज अहमद Niyaz Ahmad मकान पर कब्जे का आरोप House Encroachment Allegation पारिवारिक संपत्ति विवाद Family Property Dispute भाई पर आरोप Brother Allegation संपत्ति पर अधिकार


Comments