रंगदारी मांगने और धमकी देने के आरोप में बर्खास्त सिपाही गिरफ्तार
.......पूर्व मुकदमे में खर्च हुए 50 हजार रुपये मांगने का आरोप, रुपये न देने पर जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की दी धमकी
मोहनलालगंज, लखनऊ। रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मोहनलालगंज पुलिस ने बर्खास्त सिपाही को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। आरोपी पर पूर्व में दर्ज मुकदमे में खर्च हुए करीब 50 हजार रुपये मांगने और रुपये नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक गोपालखेड़ा निवासी मनीष सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बर्खास्त सिपाही रोशन रजा ने बीते 15 अगस्त को उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में मोहनलालगंज थाने में बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
आरोप है कि गुरुवार को रोशन रजा ने मनीष सिंह को रास्ते में रोक लिया और पूर्व में दर्ज मुकदमे में खर्च हुए करीब 50 हजार रुपये देने की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपी ने जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने इस मामले में भी बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
मोहनलालगंज पुलिस टीम ने शुक्रवार को आरोपी रोशन रजा पुत्र गुलाम रसूल निवासी शेखवानिया बुजुर्ग, थाना कुबेरस्थान, जनपद कुशीनगर, हाल पता पाण्डेय कॉम्प्लेक्स, कस्बा मोहनलालगंज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
पुलिस के अनुसार रोशन रजा पूर्व में सिपाही के पद पर कार्यरत था, लेकिन वर्तमान में बर्खास्त है। उसके खिलाफ मोहनलालगंज थाने में पहले से भी एक मुकदमा दर्ज है।


Comments